मन की बात कार्यक्रम में शामिल हुईं प्रभारी मंत्री सम्पतिया उइके, विकास कार्यों की समीक्षा का दिया भरोसा

0 164

सिंगरौली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” का सामूहिक श्रवण रविवार को सिंगरौली के भाजपा बैढ़न मंडल अंतर्गत शक्ति केंद्र क्रमांक-39 के बूथ क्रमांक-162 पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की मंत्री एवं सिंगरौली जिले की प्रभारी मंत्री सम्पतिया उइके मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर सांसद, विधायक, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।

कार्यक्रम में वार्ड पार्षद अनुष्का यादव एवं पार्षद प्रतिनिधि अमित यादव ने प्रभारी मंत्री सहित सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद उपस्थित जनसमुदाय ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “मन की बात” कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण किया।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री सम्पतिया उइके ने कहा कि “मन की बात” कार्यक्रम प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को प्रसारित होता है। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग अपने घरों में भी नियमित रूप से इस कार्यक्रम को सुनें और प्रधानमंत्री के प्रेरणादायक विचारों से जुड़ें।

मीडिया से चर्चा के दौरान दो दिवसीय सिंगरौली प्रवास को लेकर पूछे गए प्रश्न पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि उनके दौरे की शुरुआत “मन की बात” कार्यक्रम से हुई है। इसके बाद कंपनी प्रबंधन के अधिकारियों के साथ बैठक, कलेक्ट्रेट में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक तथा जिले की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े मुद्दों के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि अपने प्रवास के दौरान वह एनटीपीसी परिसर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर के कार्यक्रम में भी शामिल होंगी। साथ ही पार्टी कार्यालय में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगी तथा जिले के विभिन्न कार्यक्रमों में भी सहभागिता करेंगी।

कार्यक्रम के समापन पर पार्षद प्रतिनिधि अमित यादव ने प्रभारी मंत्री, सांसद, विधायक, जिला अध्यक्ष, सभी अतिथियों, आमजन, नगर निगम एवं पुलिस प्रशासन का सफल आयोजन में सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment