मुख्यमंत्री के निर्देश पर मध्यप्रदेश पुलिस में 9,662 पदों पर भर्ती को मिली मंजूरी

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर मध्यप्रदेश पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर भर्ती प्रक्रिया को मंजूरी दे दी गई है। गृह विभाग ने विभिन्न श्रेणियों के 9,662 पदों पर भर्ती के लिए प्रशासनिक स्वीकृति जारी कर दी है। साथ ही पदोन्नति की प्रक्रिया भी जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य मध्यप्रदेश पुलिस को देश की सर्वश्रेष्ठ पुलिस बनाना है। इसी दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इससे पहले वर्ष 2025 में 8,500 पदों की स्वीकृति दी गई थी और अब अतिरिक्त 9,662 पदों को मंजूरी देकर भर्ती प्रक्रिया को और गति दी गई है। मुख्यमंत्री ने कुल 18 हजार पदों पर भर्ती के निर्देश दिए हैं तथा शेष पदों के लिए भी जल्द आदेश जारी किए जाएंगे।
इन पदों पर होगी भर्ती
आरक्षक (जीडी) – 7,500 पद
आरक्षक (चालक) – 1,000 पद
अराजपत्रित सूबेदार – 81 पद
उपनिरीक्षक (जिला पुलिस) – 321 पद
उपनिरीक्षक (विशेष शाखा) – 69 पद
उपनिरीक्षक (क्यूडी) – 4 पद
उपनिरीक्षक (अंगुल चिन्ह) – 22 पद
उपनिरीक्षक (आयुध) – 10 पद
अन्य उपनिरीक्षक वर्ग – 9 पद
इसके अलावा पुलिस इकाइयों में तृतीय श्रेणी की सीधी भर्ती के तहत अराजपत्रित सूबेदार (अ) के 135 पद और सहायक उपनिरीक्षक (अ) के 520 पद, कुल 655 पदों के लिए भी प्रशासनिक स्वीकृति जारी की गई है।
सरकार का मानना है कि इस भर्ती से पुलिस बल की कार्यक्षमता बढ़ेगी, कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा को और मजबूती मिलेगी।