सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में लापरवाही, 12 विभागों के अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस
कलेक्टर विकास मिश्रा सख्त, तीन दिन में जवाब और लंबित शिकायतों के निराकरण के निर्देश

सीधी, 11 जुलाई 2026।
सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कलेक्टर श्री विकास मिश्रा ने सख्त रुख अपनाया है। शिकायतों के निराकरण में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर जिले के 12 विभागों के अधिकारियों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है।
जिन विभागों के अधिकारियों को नोटिस जारी किए गए हैं उनमें जनजातीय कार्य विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, जल संसाधन विभाग, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग, जिला अस्पताल, लोक निर्माण विभाग, लीड बैंक (वित्त विभाग), वाणिज्यिक कर विभाग, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग तथा सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग शामिल हैं।
कलेक्टर द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि संबंधित विभागों द्वारा सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों के निराकरण में गंभीर लापरवाही, निर्धारित समय-सीमा का पालन न करना तथा शिकायतों के समाधान में उदासीनता पाई गई है, जिससे शिकायतों के निराकरण की प्रगति प्रभावित हो रही है।
कलेक्टर श्री विकास मिश्रा ने सभी संबंधित अधिकारियों को तीन दिवस के भीतर संतोषजनक जवाब प्रस्तुत करने तथा लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयावधि में संतोषजनक जवाब एवं शिकायतों का निराकरण नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।