शाहजहांपुर में घटिया सौंफ में सिंथेटिक रंग मिलने पर खाद्य विभाग का छापा, 40 कुंतल सौंफ सीज

0 45

मुबारक अली संवाददाता

शाहजहांपुर। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने बुधवार को घटिया सौंफ में सिंथेटिक रंग मिलाने की शिकायत पर बड़ी कार्रवाई की। सहायक आयुक्त (खाद्य) ग्रेड-2 विनीत कुमार के नेतृत्व में तहसील व पुलिस प्रशासन के सहयोग से जलालाबाद स्थित होरीलाल के प्रतिष्ठान पर छापेमारी की गई।

 

छापेमारी के दौरान टीम ने पाया कि परिसर में घटिया सौंफ में सिंथेटिक रंग मिलाया जा रहा था। मौके से सौंफ के दो नमूने तथा सिंथेटिक रंग का एक नमूना जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। इसके साथ ही लगभग 40 कुंतल सौंफ, जिसकी अनुमानित कीमत 2.80 लाख रुपये है, तथा 8.5 किलोग्राम सिंथेटिक रंग को सीज कर दिया गया।

 

जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित प्रतिष्ठान बिना खाद्य लाइसेंस के सौंफ का निर्माण/प्रसंस्करण कर रहा था। इस पर प्रतिष्ठान को अग्रिम आदेश तक बंद करा दिया गया।

 

कार्रवाई के दौरान केवी फूड जलालाबाद से एक जीरा का नमूना, खुदागंज शाहजहांपुर से लाल मिर्च पाउडर तथा मिर्जापुर, शाहजहांपुर से लाल मिर्च पाउडर का नमूना, और कचहरी स्थित मिस्टर इडली से एक हल्दी पाउडर के नमूने भी लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।

 

इस अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शुभम तिवारी तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी अजीत सिंह, मनोज कुमार, सौरभ सोनी, मानवेंद्र कुमार, विनय यादव और विवेक कुमार वर्मा मौजूद रहे। विभाग ने बताया कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment