प्रियंका साकेत मौत मामला: न्याय की मांग को लेकर कांग्रेस ने किया चुरहट थाने का घेराव, दोषियों की गिरफ्तारी की उठी मांग

0 213

सीधी/चुरहट। पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं चुरहट विधायक अजय सिंह राहुल के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी सीधी ने मंगलवार को चुरहट थाना अंतर्गत ग्राम मवई (बघेड़ा) निवासी प्रियंका साकेत की संदिग्ध मौत के मामले में चुरहट थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्ञान सिंह के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता, स्थानीय नागरिक तथा पीड़ित परिवार के सदस्य शामिल हुए।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रियंका साकेत की मौत की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच, वास्तविक दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा कथित लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। इसके बाद कलेक्टर सीधी के नाम ज्ञापन सौंपकर जिले में बिगड़ती कानून-व्यवस्था और बढ़ते अपराधों पर चिंता जताई गई।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने कहा कि कांग्रेस पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि पुलिस ने समय पर गंभीरता से कार्रवाई की होती तो स्थिति अलग हो सकती थी। साथ ही उन्होंने जिले में हत्या, महिलाओं के विरुद्ध अपराध, गुमशुदगी और नशे के अवैध कारोबार की बढ़ती घटनाओं पर भी सवाल उठाए।

चुरहट विधानसभा प्रभारी शिवप्रसाद प्रधान ने कहा कि यह केवल एक परिवार का मामला नहीं, बल्कि क्षेत्र की हर बेटी की सुरक्षा और न्याय का प्रश्न है। उन्होंने कहा कि दोषियों पर कठोर कार्रवाई होने तक कांग्रेस आंदोलन जारी रखेगी।

प्रदर्शन में शामिल मृतका के पिता राजराखन साकेत ने कहा कि उनका परिवार केवल न्याय चाहता है और दोषियों को कड़ी सजा मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा। वहीं मृतका की बहन ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन की प्रमुख मांगें

प्रियंका साकेत की मौत की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कड़ी सजा दी जाए।

पीड़ित परिवार को 15 लाख रुपये की आर्थिक सहायता एवं आवास उपलब्ध कराया जाए।

चुरहट क्षेत्र में शराब, गांजा एवं अन्य नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई की जाए।

ग्राम बड़खरा निवासी धर्मपाल पटेल हत्याकांड की जांच सार्वजनिक कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए।

हाल ही में नहर में मिले युवक के शव की निष्पक्ष जांच कर मौत के कारणों का खुलासा किया जाए।

जिले में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।

प्रदर्शन में रुद्रप्रताप सिंह बाबा, राजेंद्र भदौरिया, दानबहादुर सिंह, एडवोकेट विनोद वर्मा, ज्ञानेंद्र अग्निहोत्री, कमलेश सिंह, मोनिका गुप्ता, अजय पाण्डेय, कमलेश्वर सिंह, प्रदीप सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment