सड़क जाम हटाने पहुंची पुलिस टीम पर जानलेवा हमला, 6 आरोपी गिरफ्तार

0 250

प्राइड इंडिया न्यूज़ | सीधी

दिनांक : 16 जून 2026

सीधी जिले के कमर्जी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पटपरा मझारी टोला में सड़क जाम हटाने पहुंची पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं एसडीओपी चुरहट श्री रवि प्रकाश कौल के मार्गदर्शन में थाना कमर्जी पुलिस ने यह कार्रवाई की।

क्या है मामला?

पुलिस के अनुसार, 15 जून 2026 को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि ग्राम पटपरा मझारी टोला में कुछ लोगों ने चुरहट-पटपरा मुख्य मार्ग पर मिट्टी, पत्थर, लकड़ी और कांटेदार झाड़ियां डालकर सड़क जाम कर दी है। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उपनिरीक्षक इन्द्राज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाइश देकर मार्ग खोलने तथा अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखने की सलाह दी। आरोप है कि इस दौरान संबंधित लोग उग्र हो गए और पुलिस के साथ अभद्रता करते हुए शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने लगे।

थाना प्रभारी सहित पुलिसकर्मी घायल

स्थिति बिगड़ने पर आरोपियों ने कथित रूप से टांगी, फावड़ा, डंडों और अन्य हथियारों से पुलिस दल पर हमला कर दिया। हमले में थाना प्रभारी इन्द्राज सिंह के सिर, गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। वहीं आरक्षक शिवम पाण्डेय सहित अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुए। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय सीधी भेजा गया।

इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी

पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए निम्नलिखित आरोपियों को गिरफ्तार किया है—

दिनेश पटेल (45 वर्ष)

विनय पटेल उर्फ पंडित पटेल (20 वर्ष)

प्रीतम पटेल (22 वर्ष)

संध्या पटेल (45 वर्ष)

श्यामा पटेल (33 वर्ष)

सरोज पटेल (40 वर्ष)

सभी आरोपी ग्राम मझारी टोला पटपरा, थाना कमर्जी, जिला सीधी के निवासी हैं।

एक आरोपी फरार

मामले का एक आरोपी सुनील पटेल अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम लगातार दबिश दे रही है।

हत्या के प्रयास सहित कई धाराओं में मामला दर्ज

थाना कमर्जी में आरोपियों के विरुद्ध शासकीय कार्य में बाधा, लोक सेवक पर हमला, बलवा, हत्या के प्रयास तथा अन्य सुसंगत धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

पुलिस का संदेश

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून को हाथ में लेने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और शांति एवं कानून व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment