सीधी में थाना प्रभारी पर टांगी-हंसिए से जानलेवा हमला, 5 आरोपी नामजद

सड़क जाम हटाने पहुंचे थे पुलिस अधिकारी, सिर पर गंभीर चोट; एसपी पहुंचे अस्पताल

0 687

 

सीधी | 15 जून 2026 | प्राइड कदम न्यूज़

सीधी जिले के कमर्जी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पटपरा में सोमवार को कानून-व्यवस्था बनाए रखने पहुंचे थाना प्रभारी पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हमले में कमर्जी थाना प्रभारी इंद्राज सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल सीधी में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पटपरा में शासकीय मार्ग को लेकर लंबे समय से दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। एक पक्ष द्वारा सरकारी रास्ते पर अतिक्रमण किए जाने की शिकायत लगातार प्रशासन से की जा रही थी। कार्रवाई नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने सोमवार दोपहर लगभग 12 बजे सड़क जाम कर दिया।

स्थिति को नियंत्रित करने और सड़क जाम हटाने के लिए थाना प्रभारी इंद्राज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने अचानक पुलिस टीम पर हमला कर दिया और थाना प्रभारी पर टांगी एवं हंसिए से वार कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं।

पुलिस टीम ने बचाई जान

हमले के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल घायल थाना प्रभारी को भीड़ से सुरक्षित बाहर निकाला और डायल-112 वाहन की सहायता से जिला अस्पताल सीधी पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

5 आरोपी नामजद

पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को नामजद किया है, जिनमें—

दिनेश पटेल उर्फ गुंठी

सुनील पटेल

विनय पटेल

प्रीतम पटेल

रितेश उर्फ सिंटू पटेल

शामिल हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

एसपी संतोष कोरी पहुंचे अस्पताल

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी जिला अस्पताल पहुंचे और घायल थाना प्रभारी का हालचाल जाना। उन्होंने अधिकारियों को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

एसपी ने कहा कि “पुलिस अधिकारी पर हमला अत्यंत गंभीर अपराध है। दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

पांच थानों का पुलिस बल तैनात

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए मौके पर पांच थानों का पुलिस बल एवं एसडीओपी को तैनात किया गया है। पुलिस लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।

कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल

दिनदहाड़े थाना प्रभारी पर हुए इस हमले ने जिले की कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों पर बढ़ते हमले प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनते जा रहे हैं।

✍️ रिपोर्ट: प्राइड कदम न्यूज़ टीम, सीधी

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment