रेड क्रॉस और “परी आपकी रसोई” ने दिया सेवा और सहयोग का संदेश

0 113

 

मुबारक अली संवाददाता

शाहजहाँपुर। समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय संस्था “परी आपकी रसोई” के संचालक एवं समाजसेवी विनय अग्रवाल ने इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव डॉ. विजय जोहरी के आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों ने मानव सेवा और सामाजिक सहयोग को और अधिक प्रभावी बनाने पर चर्चा की।

 

डॉ. विजय जोहरी ने विनय अग्रवाल का आत्मीय स्वागत करते हुए कहा कि “परी आपकी रसोई” के माध्यम से जरूरतमंद, असहाय लोगों तथा अस्पतालों में मरीजों के तीमारदारों को मात्र 10 रुपये में भोजन उपलब्ध कराना अत्यंत सराहनीय और प्रेरणादायक कार्य है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में यह पहल मानवता की सच्ची मिसाल है।

 

भेंट के दौरान विनय अग्रवाल ने रेड क्रॉस सोसाइटी के मानवीय सेवा सहायता कक्ष एवं राहत सामग्री भंडार का अवलोकन किया। उन्होंने संस्था द्वारा संचालित आपदा राहत, रक्तदान, स्वास्थ्य सेवाओं, कंबल वितरण, वस्त्रदान तथा जरूरतमंदों की सहायता से जुड़े कार्यों की प्रशंसा की।

 

इस अवसर पर डॉ. विजय जोहरी ने विनय अग्रवाल को पटका पहनाकर, स्मृति चिन्ह एवं रेड क्रॉस मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि समाज सेवा के लिए समर्पित व्यक्तित्वों का सम्मान करना रेड क्रॉस की गौरवशाली परंपरा है और ऐसे सेवाभावी लोगों से समाज को नई दिशा एवं प्रेरणा मिलती है।

 

विनय अग्रवाल ने कहा कि इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी विश्व की सबसे प्राचीन और प्रतिष्ठित मानवतावादी संस्थाओं में से एक है। मानव सेवा, शांति और पीड़ितों की सहायता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए रेड क्रॉस आंदोलन को चार बार नोबेल शांति पुरस्कार मिल चुका है।

 

उन्होंने कहा कि शाहजहाँपुर में डॉ. विजय जोहरी के नेतृत्व में रेड क्रॉस सोसाइटी आपदा राहत, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य परीक्षण, कंबल वितरण, व्हीलचेयर एवं सहायक उपकरण वितरण, वस्त्रदान, स्वच्छता सामग्री वितरण तथा जरूरतमंद मरीजों की सहायता जैसे अनेक सराहनीय कार्य निरंतर कर रही है। समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने का यह प्रयास अन्य सामाजिक संस्थाओं के लिए भी प्रेरणा का विषय है।

 

अंत में विनय अग्रवाल ने रेड क्रॉस सोसाइटी शाहजहाँपुर के पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि सेवा और सहयोग की ऐसी भावना ही एक संवेदनशील समाज की पहचान है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment