शराब पीकर ट्रक चलाना पड़ा महंगा: सिंगरौली यातायात पुलिस ने 8 भारी वाहनों को किया जब्त

0 117

सिंगरौली, 05 जून 2026। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सिंगरौली यातायात पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने 8 भारी वाहनों (6 ट्रक एवं 2 ट्रेलर) को जब्त कर उनके चालकों के विरुद्ध न्यायालयीन कार्रवाई की है।

पुलिस अधीक्षक श्री षियाज़ के.एम. (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री उमेश प्रजापति के मार्गदर्शन में 04-05 जून 2026 की मध्यरात्रि को विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।

यातायात पुलिस की अलग-अलग टीमों ने निगाही मोड़, अमलोरी तिराहा और पुराना ट्रैफिक तिराहा क्षेत्र में औचक जांच की। अभियान के दौरान करीब 57 वाहनों की जांच की गई और वाहन चालकों को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के संबंध में जागरूक किया गया।

चेकिंग के दौरान 6 ट्रक और 2 ट्रेलर के चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। सभी वाहनों को जब्त कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। न्यायालय द्वारा फिलहाल 2 वाहनों पर 22 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है, जबकि शेष मामलों का निराकरण आगामी दिनों में किया जाएगा।

सड़क दुर्घटनाओं में आई कमी

यातायात पुलिस के अनुसार वर्ष 2025 से शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और पिछले वर्ष की तुलना में सड़क दुर्घटनाओं में कमी दर्ज की गई है।

ड्राइविंग लाइसेंस होंगे निलंबित

यातायात पुलिस ने बताया कि माननीय न्यायालय के आदेशानुसार दोषी चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस 6 माह के लिए निलंबित कराने हेतु प्रस्ताव संबंधित जिला परिवहन कार्यालय को भेजा जाएगा।

यातायात पुलिस की अपील

यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शराब या अन्य मादक पदार्थ का सेवन कर वाहन न चलाएं, यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा को प्राथमिकता दें। इससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है तथा बहुमूल्य जीवन की रक्षा की जा सकती है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment