अवैध रेत उत्खनन पर जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, संयुक्त दल ने की जांच

0 115

डंपर जब्त, दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई

प्राइड इंडिया न्यूज़ | सीधी | 27 मई 2026

सीधी जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए संयुक्त जांच अभियान चलाया। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री विकास मिश्रा के निर्देश तथा उप संचालक संजय टाइगर रिजर्व श्री राजेश कन्ना टी के मार्गदर्शन में वन विभाग और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने विभिन्न स्थानों पर जांच कर कार्रवाई की।

जिला खनिज अधिकारी श्री कपिलमुनि शुक्ला एवं अधीक्षक सोन घड़ियाल श्री प्रमोद सिंह के मार्गदर्शन में 26 मई 2026 को की गई कार्रवाई में अवैध उत्खनन की पुष्टि होने के साथ एक बिना नंबर का डंपर भी जब्त किया गया।

बलियार में अवैध रेत उत्खनन की पुष्टि

ग्राम बलियार, पोस्ट कोल्हूडीह, तहसील चुरहट में रेत के अवैध उत्खनन संबंधी शिकायत और 20 मई को वायरल वीडियो के आधार पर जांच की गई। जांच में शासकीय भूमि खसरा क्रमांक 77, रकबा 18.80 हेक्टेयर के हिस्से में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन पाया गया। मौके पर ग्रामीणों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर संबंधित लोगों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

सोन नदी घाट से बिना नंबर डंपर जब्त

ग्राम पिपरोहर, तहसील गोपदबनास स्थित सोन नदी घाट पर अवैध रेत उत्खनन की शिकायत पर जांच के दौरान संयुक्त दल को एक बिना नंबर का डंपर दिखाई दिया। टीम को देखकर चालक वाहन लेकर भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया गया। चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। जब्त डंपर (चेसिस क्रमांक MAT505351H8K21923) को सुरक्षा के लिए कोतवाली थाना सीधी में रखा गया है। वाहन चालक और स्वामी के विरुद्ध वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम एवं खनिज नियम 2022 के तहत कार्रवाई की जाएगी।

मड़वास प्रकरण में पुलिस की सख्त कार्रवाई

20 मई 2026 की रात भदौरा रेलवे फाटक, तहसील मड़वास में खनिज विभाग ने अवैध रेत परिवहन करते हुए बिना नंबर के तीन ट्रैक्टर जब्त किए थे। हालांकि वाहन मालिकों और अन्य लोगों ने भीड़ एकत्र कर शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए ट्रैक्टर छुड़ा लिए थे। इस मामले में खनि निरीक्षक श्री देवेंद्र महोबे द्वारा थाना मड़वास में एफआईआर दर्ज कराई गई थी।

अब मड़वास पुलिस ने तीनों ट्रैक्टर जब्त कर थाना परिसर में खड़ा करा दिया है। साथ ही ध्रुव सिंह (भदौरा), ओमप्रकाश जायसवाल (कतरवार), जयप्रकाश जायसवाल सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।

मोटर व्हीकल एक्ट के तहत भी होगी कार्रवाई

बिना नंबर वाहनों से खनिज परिवहन के मामलों में संबंधित वाहन स्वामियों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई के लिए जिला परिवहन अधिकारी सीधी को अलग से पत्र भेजा जाएगा।

कलेक्टर श्री विकास मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि जिला टास्क फोर्स द्वारा अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment