कांग्रेस का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आज से, दिग्गज नेताओं का होगा जमावड़ा

0 183

कुबरी के प्रेमशीला गार्डन में संगठन सृजन अभियान के तहत होगा आयोजन, सीधी-सिंगरौली के पदाधिकारियों को मिलेगा प्रशिक्षण

सीधी। कांग्रेस संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ आज से कुबरी स्थित प्रेमशीला गार्डन में होगा। शिविर में मध्य प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता शामिल होकर संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देने का कार्य करेंगे।

इस प्रशिक्षण शिविर में मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी एवं राष्ट्रीय महासचिव हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं चुरहट विधायक अजय सिंह राहुल, राज्यसभा सांसद विवेक तंखा, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिं्घार, कांग्रेस वर्किंग कमेटी सदस्य एवं पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल तथा प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी रणविजय सिंह सहित देश-प्रदेश के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।

प्रशिक्षण सत्रों के संचालन एवं मार्गदर्शन के लिए प्रदेश संगठन महासचिव डॉ. संजय कामले और प्रशिक्षण प्रभारी डॉ. महेंद्र जोशी भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

शिविर में सीधी और सिंगरौली जिले के ब्लॉक अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष, मंडलम अध्यक्ष, जिला प्रभारी, विधानसभा प्रभारी, जिला अध्यक्ष और संगठन महासचिव शामिल होंगे।

दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के दौरान कई विषयों पर अलग-अलग सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें आजादी की लड़ाई में कांग्रेस की भूमिका, नए भारत के निर्माण में योगदान, संगठन विस्तार की रणनीति, बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और आगामी कार्यक्रमों को लेकर वरिष्ठ नेता कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देंगे।

शिविर की व्यवस्थाओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी सीधी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने विभिन्न समितियों का गठन कर पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी हैं। कांग्रेस संगठन ने प्रशिक्षण शिविर को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment