शादी की खुशियां मातम में बदलीं: तेज रफ्तार बाइक ने मचाया कहर, युवती की मौत, चार घायल

0 158

 

डिंडोरी जिले के ग्राम पंचायत पड़रिया कला के भद्दू टोला में गुरुवार देर शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी और शोक का माहौल फैल गया।

 

मृत युवती की पहचान प्रियंका परस्ते पिता रघुवर परस्ते के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार प्रियंका के भाई की बारात निकलने की तैयारियां चल रही थीं और घर में शादी का उत्साहपूर्ण माहौल था। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक अचानक लोगों के बीच जा घुसी और कई लोगों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रियंका परस्ते ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए।

 

घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल 112 वाहन और एम्बुलेंस के जरिए घायलों को जिला चिकित्सालय डिंडोरी पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।

 

फिलहाल हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और बाइक चालक कौन था, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आ सकी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

 

इधर प्रियंका परस्ते की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस घर से कुछ ही देर बाद बारात निकलने वाली थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment