नारी शक्ति वंदन अधिनियम के विशेष सत्र के लिए सांसद डॉ. राजेश मिश्रा रवाना, महिलाओं ने भव्य स्वागत के साथ दी विदाई

सीधी। लोकसभा संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा को नारी शक्ति वंदन अधिनियम के विशेष सत्र में शामिल होने के लिए महिलाओं ने भव्य अंदाज में रवाना किया। सैकड़ों की संख्या में मातृशक्तियों ने गाजे-बाजे, आतिशबाजी और उल्लासपूर्ण गीतों के साथ सांसद का स्वागत कर उन्हें संसद के लिए विदा किया।
इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान, संगठन प्रभारी नरेंद्र त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू राम सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य इंद्र शरण सिंह चौहान, पूर्व जिला अध्यक्ष के.के. तिवारी, लालचंद गुप्ता सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और महिला मोर्चा पदाधिकारी मौजूद रहीं। सिंगरौली, व्यौहारी और सीधी से आई महिलाओं ने कलश और पुष्प वर्षा के साथ सहभागिता दर्ज कराई।
सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने अपने निवास से अंबेडकर चौक पहुंचकर भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और मीडिया से चर्चा में कहा कि “जनता जनार्दन का अपार स्नेह और आशीर्वाद लेकर संसद जा रहा हूं। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से महिलाओं को 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व सुनिश्चित होगा और यह ऐतिहासिक कदम भारी बहुमत से पारित होगा।”
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ऐसे ऐतिहासिक निर्णय संभव हो रहे हैं और यह देश की आधी आबादी को सशक्त बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। सांसद ने सभी माताओं-बहनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे उनके आशीर्वाद के साथ प्रधानमंत्री के सपनों को साकार करने में अपनी भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिंदाबाद” और “महिलाओं के सम्मान में भाजपा मैदान में” जैसे नारों से माहौल गूंजता रहा।