महिला उत्पीड़न व विवादित बयान के विरोध में सीधी में महिला कांग्रेस का प्रदर्शन, पुतला दहन कर दर्ज कराई शिकायत

सीधी (मध्य प्रदेश):
देशभर में महिलाओं के साथ बढ़ रहे अत्याचार और असम के मुख्यमंत्री द्वारा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर की गई कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में सीधी जिले में राजनीतिक माहौल गरमा गया। इस मुद्दे को लेकर महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
महिला कांग्रेस की प्रदेश महामंत्री और महिला उत्पीड़न प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता गांधी चौक पहुंचीं। यहां उन्होंने असम के मुख्यमंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया।
प्रदर्शन के दौरान महिला नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं द्वारा लगातार महिलाओं और कांग्रेस नेताओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली बयानबाजी की जा रही है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन के बाद महिला कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा, जहां उन्होंने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर असम के मुख्यमंत्री के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग करते हुए शिकायत पत्र सौंपा।
महिला कांग्रेस उत्पीड़न प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष प्रियंका सिंह ने कहा कि देशभर में महिलाओं के साथ उत्पीड़न की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जो बेहद चिंताजनक हैं। वहीं, बढ़ती महंगाई और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार पूरी तरह संवेदनहीन बनी हुई है।
प्रदेश महामंत्री कुमुदिनी सिंह ने आरोप लगाया कि एक वरिष्ठ दलित कांग्रेस नेता का भी अपमान किया गया है, जिससे कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी है।
महिला कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि असम के मुख्यमंत्री सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते हैं, तो आने वाले समय में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान सिटी कोतवाली पुलिस की मौजूदगी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो सके।