सीधी में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई: जेसीबी सहित 4 वाहन जब्त, कई चालक फरार

सीधी | 07 अप्रैल 2026
सीधी जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग ने सख्त अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में, जिला खनिज अधिकारी कपिलमुनि शुक्ला के मार्गदर्शन में 06 अप्रैल को दिन-रात सघन जांच अभियान संचालित किया गया।
गोपदबनास, मझौली एवं मड़वास क्षेत्रों में की गई जांच के दौरान ग्राम पड़रिया (तहसील बहरी) में शिकायत सही पाई गई, जहां एक बिना नंबर की जेसीबी मशीन और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली मुरूम के अवैध उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त मिले। आवश्यक दस्तावेज न होने पर दोनों वाहनों को जब्त कर थाना यातायात सीधी को सौंप दिया गया।
वहीं रात्रि जांच के दौरान ग्राम निधिपुरी (तहसील मड़वास) स्थित गोपद नदी घाट से अवैध रेत परिवहन करते दो ट्रैक्टर और एक 407 वाहन को रोका गया। कार्रवाई के दौरान चालक रेत खाली कर मौके से फरार हो गए। तीनों वाहनों को लावारिस हालत में जब्त कर थाना मड़वास में सुरक्षित रखा गया है।
सभी संबंधित वाहन चालकों एवं स्वामियों के विरुद्ध म.प्र. खनिज (अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही बिना नंबर वाहनों के उपयोग पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत भी कार्रवाई हेतु जिला परिवहन अधिकारी को पत्र भेजा जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। आमजन से अपील की गई है कि खनिजों का उपयोग केवल वैधानिक प्रक्रिया के तहत ही करें, अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी।
200 प्रकरण दर्ज, 1.13 करोड़ जुर्माना वसूला
उल्लेखनीय है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में खनिज विभाग द्वारा अवैध खनन से जुड़े 200 प्रकरण दर्ज कर लगभग 1.13 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला गया है। वहीं जिले में कुल 37.22 करोड़ रुपये का खनिज राजस्व शासन के खाते में जमा कराया गया, जो पिछले वर्षों की तुलना में सर्वाधिक है।