तेज रफ्तार बाइक का कहर: नाबालिग चालक की टक्कर से बुजुर्ग महिला की गई जान

सीधी जिले के सेमरिया थाना अंतर्गत बम्हनी चौकी क्षेत्र के ग्राम पंचायत ओबरहा में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। जानकारी के अनुसार, ग्राम ओबरहा निवासी 65 वर्षीय शकुंती कोल, पति सुखलाल कोल, सड़क पर जा रही थीं, तभी एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी।
बताया जा रहा है कि बाइक 17 वर्षीय नाबालिग चालक अर्पित साकेत, पिता संतोष साकेत द्वारा लापरवाहीपूर्वक चलाई जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से आया और महिला को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही नाबालिग द्वारा वाहन चलाने और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।