पदभार संभालते ही कलेक्टर विकास मिश्रा का सख्त रूख,राशन, उपार्जन और ईंधन व्यवस्था पर पारदर्शिता के निर्देश

0 587

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी, रिपोर्ट : शाहिद खान

 

सीधी। जिले की कमान संभालते ही कलेक्टर श्री विकास मिश्रा ने प्रशासनिक महकमे को साफ संदेश दे दिया कि जनहित से जुड़ी योजनाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) की समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र हितग्राहियों को निर्धारित समय पर पूरा खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए। कलेक्टर ने दो टूक कहा कि वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता, सतत निगरानी और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए, ताकि गरीब और जरूरतमंदों के अधिकारों पर किसी प्रकार की आंच न आए।

 

बैठक में रबी उपार्जन की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित विभागों को समय सीमा के भीतर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसान की मेहनत का सम्मान प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है, इसलिए खरीदी केंद्रों पर अव्यवस्था, देरी या अनियमितता की शिकायत नहीं आनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को सख्त लहजे में कहा कि उपार्जन कार्य पूरी पारदर्शिता, सुचारू व्यवस्था और जवाबदेही के साथ संपन्न कराया जाए, जिससे किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

 

इसके साथ ही घरेलू गैस आपूर्ति तथा पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति हर हाल में निर्बाध बनी रहे और आम नागरिकों को किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े। बैठक में प्रभारी जिला आपूर्ति अधिकारी श्रीमती प्रियल यादव ने आवश्यक जानकारी प्रस्तुत की, जिस पर कलेक्टर ने व्यवस्थाओं को और मजबूत करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता जनता की सुविधा और विश्वास है, इसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।

 

प्राइड कदम हिंदी समाचार एवं प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी ( मध्य प्रदेश)

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment