जनता और पुलिस के बीच भरोसे का सेतु बनी जनसुनवाई, एसपी संतोष कोरी ने सुनीं शिकायतें

सीधी | 17 मार्च 2026
सीधी जिले में आमजन की समस्याओं के त्वरित और संवेदनशील निराकरण के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मंगलवार को साप्ताहिक जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं।
जनसुनवाई के दौरान एसपी संतोष कोरी ने प्रत्येक फरियादी से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनकी शिकायतें सुनीं। प्राप्त शिकायतों में मुख्य रूप से भूमि विवाद, पारिवारिक कलह तथा साइबर अपराध और धोखाधड़ी से जुड़े मामले सामने आए। इन मामलों की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने संबंधित थाना प्रभारियों को समय-सीमा में निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करने के सख्त निर्देश दिए।
साथ ही पूर्व में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए एसपी ने लंबित मामलों पर नाराजगी जताई और स्पष्ट किया कि शिकायतों के निराकरण में अनावश्यक देरी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनसुनवाई के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अनुविभागीय अधिकारियों और थाना प्रभारियों को जोड़ा गया, जिससे कई मामलों का मौके पर ही सत्यापन कर आवश्यक निर्देश जारी किए गए और फरियादियों को तत्काल राहत प्रदान की गई।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविन्द श्रीवास्तव, उप पुलिस अधीक्षक श्री सुजीत कड़वे, कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक उपाध्याय, महिला थाना प्रभारी निरीक्षक रीता त्रिपाठी तथा जमोड़ी थाना प्रभारी उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।