मदद के बहाने लूट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, कमर्जी पुलिस ने सभी आरोपियों को किया गिरफ्तार

सीधी | 17 मार्च 2026
जिले के थाना कमर्जी क्षेत्र में मदद के बहाने लूटपाट करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं एसडीओपी चुरहट रवि प्रकाश कौल के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कमर्जी इन्द्राज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
घटना का विवरण
फरियादी गोविंद जायसवाल, निवासी ग्राम बघऊँ ने थाना कमर्जी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 21 जनवरी 2026 को आरोपियों ने मोटरसाइकिल खराब होने का बहाना बनाकर उसे भितरी चिलरी रोड पर बुलाया। वहां पहुंचने पर आरोपियों ने फरियादी के साथ मारपीट कर उसका ओप्पो मोबाइल, 3 हजार रुपये नकद और मैकेनिक के औजार (रिंच, पाना, प्लास) लूट लिए थे।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले ही चार आरोपियों — नीरेन्द्र प्रजापति, जगदीश प्रजापति तथा दो किशोरों को गिरफ्तार कर लिया था। उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई थी।
इसके बाद मामले में फरार चल रहे आरोपी शिवम कुशवाहा और शुभम कुशवाहा को पुलिस ने 16 मार्च 2026 को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी शिवम के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी इन्द्राज सिंह, सउनि मनोज वर्मा, प्रधान आरक्षक अमर सिंह तथा आरक्षक सोनू यादव की विशेष और सराहनीय भूमिका रही।