बारीडीह में चोरों का आतंक: गेट का ताला तोड़ आंगन से स्कूटी चोरी, बाइक का हैंडल लॉक तोड़ा

जमशेदपुर। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह रोरो रोड में चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बीती रात अज्ञात चोरों ने एक घर के गेट का ताला तोड़कर आंगन में खड़ी स्कूटी चोरी कर ली, वहीं पास में खड़ी बाइक का हैंडल लॉक भी तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार बारीडीह रोरो रोड निवासी अभय कुमार सिंह के घर के आंगन में खड़ी उनकी फैसिनो स्कूटी को चोरों ने गेट का ताला तोड़कर चुरा लिया। इसी दौरान चोरों ने सामने वाले मकान में खड़ी हीरो होंडा बाइक का हैंडल लॉक भी तोड़ दिया, लेकिन गेट का ताला नहीं टूट पाने के कारण बाइक चोरी होने से बच गई।
सुबह जब घरवालों ने गेट खुला और स्कूटी गायब देखी तो घटना की जानकारी हुई। इसके बाद मामले की सूचना सिदगोड़ा थाना पुलिस को दी गई। घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है और लोगों ने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने की मांग की है।