गैस सिलेंडर को लेकर घबराएं नहीं, पैनिक बुकिंग से बचें: कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी

सीधी, 15 मार्च 2026।
मध्यप्रदेश शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग भोपाल के निर्देशानुसार जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि गैस सिलेंडर को लेकर घबराहट में बुकिंग (पैनिक बुकिंग) न करें और घरेलू गैस का उपयोग आवश्यकता अनुसार ही करें। जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि गैस एजेंसियों को कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी ने गैस वितरकों को निर्देशित किया है कि घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए। वहीं होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को कमर्शियल गैस की संभावित कमी को देखते हुए वैकल्पिक ईंधन के उपयोग की सलाह दी गई है।
कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की है कि गैस सिलेंडर की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक बुकिंग से बचें। घरेलू सिलेंडरों का मितव्ययिता के साथ उपयोग करें, ताकि वितरण व्यवस्था पर अनावश्यक दबाव न पड़े। उन्होंने राजस्व अधिकारियों, जिला आपूर्ति अधिकारी तथा गैस वितरकों को निर्देश दिए हैं कि कालाबाजारी या निर्धारित कीमत से अधिक बिक्री की शिकायत मिलने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस को गैस गोदामों एवं वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिला आपूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि गैस वितरण से संबंधित सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा गैस वितरण एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर प्रतिदिन गैस वितरण और उपलब्ध भंडार की जानकारी संधारित की जाए। प्रशासन के अनुसार वर्तमान में जिले में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है।
घरेलू उपभोक्ताओं को नियमित गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए एलपीजी वितरण व्यवस्था में कुछ अतिरिक्त कदम उठाए गए हैं। इसके तहत शहरी क्षेत्रों में पिछली डिलीवरी के 25 दिन बाद ही नई बुकिंग स्वीकार की जा रही है। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि बुकिंग के बाद ही सिलेंडर होम डिलीवरी के माध्यम से प्राप्त करें और बिना बुकिंग के एजेंसियों में अनावश्यक भीड़ न लगाएं।
खाद्य विभाग के अधिकारियों, जिला आपूर्ति अधिकारी एवं कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारियों द्वारा 14 मार्च 2026 को लीना इंडेन गैस एजेंसी, प्रताप गैस एजेंसी और शिव शक्ति गैस एजेंसी का निरीक्षण किया गया, जहां गैस वितरण व्यवस्था सुचारू पाई गई। वहीं 15 मार्च 2026 को लीना इंडेन गैस एजेंसी का पुनः निरीक्षण किया गया, जिसमें निर्धारित दर पर सिलेंडरों का वितरण पाया गया तथा मौके पर कालाबाजारी की कोई शिकायत नहीं मिली। निरीक्षण की प्रक्रिया लगातार जारी है।