बसकटी में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन, श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर

सीधी। जनपद पंचायत क्षेत्र की ग्राम पंचायत बेंदुआ अंतर्गत ग्राम बसकटी में इन दिनों श्रीमद्भागवत पुराण कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। 13 मार्च से प्रारंभ हुई यह कथा 19 मार्च 2026 तक चलेगी, जिसमें प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर कथा श्रवण कर रहे हैं।
कथा का वाचन वृंदावन धाम से पधारे श्रद्धेय श्याम मुरारी जी द्वारा किया जा रहा है। वे अपने मधुर एवं ओजस्वी प्रवचनों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, धर्म और भक्ति के महत्व का भावपूर्ण वर्णन कर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर रहे हैं। कथा के दौरान प्रस्तुत किए जा रहे भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
कार्यक्रम स्थल को आकर्षक सजावट और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है, जिससे कथा पंडाल का माहौल और भी आध्यात्मिक हो गया है। प्रतिदिन आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर कथा का श्रवण कर रहे हैं।
आयोजक श्री शारदा प्रसाद तिवारी ने बताया कि 16 मार्च 2026 को कथा के दौरान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का विशेष आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालुओं की उपस्थिति प्रार्थनीय है। वहीं 20 मार्च को महाप्रसाद का आयोजन रखा गया है, जिसमें क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया गया है।
यह धार्मिक आयोजन श्री शारदा प्रसाद तिवारी एवं श्री सुरेश प्रसाद तिवारी परिवार द्वारा कराया जा रहा है। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से कथा श्रवण कर धर्म लाभ लेने की अपील की है।