पड़रिया खुर्द में गहराया पेयजल संकट: 8 दिनों से बंद नल-जल योजना, हैंडपंप भी फेल, नदी का पानी पीने को मजबूर ग्रामीण

0 480

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव कि रिपोर्ट

 

 

डिंडौरी। शहपुरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पड़रिया खुर्द में इन दिनों भीषण पेयजल संकट की स्थिति बनी हुई है। गांव में पिछले आठ दिनों से नल-जल योजना बंद पड़ी है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पानी की किल्लत से जूझ रहे ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर नाराजगी जताई है।

 

ग्रामीणों के अनुसार, गांव में पेयजल की व्यवस्था के लिए नल-जल योजना संचालित की जा रही थी, लेकिन पिछले आठ दिनों से यह योजना ठप पड़ी है। इसके चलते घरों तक पानी की आपूर्ति पूरी तरह बंद हो गई है। गांव में लगे दो हैंडपंप भी सही तरीके से पानी नहीं दे पा रहे हैं, जिससे समस्या और गंभीर हो गई है।

 

पानी के अन्य साधन उपलब्ध नहीं होने के कारण ग्रामीणों को मजबूरी में नदी का पानी पीना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि नदी का पानी पीने से बीमारी फैलने का खतरा भी बना हुआ है, लेकिन मजबूरी में वही पानी उपयोग करना पड़ रहा है।

 

ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या की जानकारी कई बार संबंधित अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं किया गया है। लगातार आठ दिनों से पानी की आपूर्ति बंद रहने से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

 

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि नल-जल योजना को जल्द से जल्द चालू कराया जाए और खराब पड़े हैंडपंपों को भी तत्काल सुधार कराया जाए, ताकि गांव में पेयजल की समस्या का स्थायी समाधान हो सके। यदि जल्द ही समस्या का निराकरण नहीं हुआ तो ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment