छात्र पर धारदार हथियार से हमला, गंभीर हालत में भर्ती

मुबारक अली संवाददाता
शाहजहांपुर। परीक्षा देकर लौट रहे एक छात्र पर कुछ युवकों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार घटना सोमवार शाम कनोइजिया अस्पताल के पास की बताई जा रही है। घायल छात्र की पहचान हिमांशु तिवारी के रूप में हुई है। वह चौक कोतवाली क्षेत्र की तीन खंभे वाली गली का निवासी है। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले हिमांशु का कुछ युवकों से विवाद हुआ था, जिसको लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी भी हुई थी। सोमवार को जब हिमांशु परीक्षा देकर वापस लौट रहा था, तभी कनौजिया अस्पताल के पास पहले से घात लगाए युवकों ने उसे घेर लिया और धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। लहूलुहान हालत में हिमांशु सड़क पर गिर पड़ा। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस की मदद से घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। थाना प्रभारी अश्वनी कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है, जांच की जा रही है और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।