रेत माफिया पर आधी रात का प्रहार, पांच हाइवा जब्त

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी, रिपोर्ट : शाहिद खान
अवैध रेत परिवहन पर संयुक्त कार्रवाई, पांच हाइवा वाहन जब्त
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री स्वरोचिष सोमवंशी तथा पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी के निर्देशन में, जिला खनिज अधिकारी श्री कपिल मुनि शुक्ला के मार्गदर्शन एवं प्रभारी खनि निरीक्षक श्री शिशिर यादव तथा श्री देवेन्द्र महोबे के नेतृत्व में 17 एवं 18 फरवरी 2026 की रात्रि अवैध खनिज परिवहन के विरुद्ध खनिज-पुलिस के संयुक्त दल द्वारा सघन जांच अभियान संचालित किया गया।
जांच के दौरान ग्राम पथरौला, तहसील मड़वास में तीन वाहन—एक बिना नंबर का हाइवा (चेसिस क्रमांक MAT448181G3H1926), वाहन क्रमांक MP53ZG6670 एवं MP53HA2379—खनिज रेत का अवैध परिवहन करते पाए गए। उक्त वाहनों को नियमानुसार जब्त कर सुरक्षार्थ पुलिस चौकी पथरौला में खड़ा कराया गया है।
इसी प्रकार ग्राम खाम्ह, तहसील गोपद बनास में दो हाइवा वाहन (क्रमांक MP17ZG3011 एवं MP53HA2337) अवैध रूप से रेत परिवहन करते पाए गए। इन्हें भी जब्त कर सुरक्षार्थ थाना कोतवाली सीधी में खड़ा कराया गया है। उक्त सभी वाहन स्वामियों एवं चालकों के विरुद्ध मध्यप्रदेश अवैध खनिज (उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर माननीय कलेक्टर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। बिना नंबर प्लेट के खनिज परिवहन करने वाले वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम अंतर्गत कार्रवाई हेतु जिला परिवहन विभाग को पृथक से पत्र प्रेषित किया जाएगा।
साथ ही प्रकरणों की विस्तृत विवेचना कर प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत भी पृथक से प्रकरण दर्ज किए जाएंगे।
कलेक्टर द्वारा जिला टास्क फोर्स की कार्यवाहियों की प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है। जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
प्राइड कदम हिंदी समाचार एवं प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी ( मध्य प्रदेश)