एसपी ने होली, रमजान एवं बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनजर, शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए की बैठक

मुबारक अली संवाददाता
शाहजहांपुर। पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने आगामी त्योहार होली,रमजान एवं बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनजर जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण भंवरे दीक्षा अरुण, अपर पुलिस अधीक्षक नगर देवेंद्र कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर पंकज पंत एवं क्षेत्राधिकारी पुवायाँ की उपस्थिति में प्रभारी एस0ओ0जी0 धर्मेंद्र कुमार सिंह, प्रभारी सर्विलांस तथा नगर क्षेत्र के समस्त चौकी प्रभारी के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा निर्देशित किया गया कि त्योहारों एवं परीक्षाओं को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है। संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, नियमित गश्त बढ़ाने, अराजक तत्वों पर प्रभावी निगरानी रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर तत्काल प्रभाव से कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
सोशल मीडिया प्लेटफार्मों की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने, भ्रामक/उत्तेजक पोस्ट करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही करने तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
बोर्ड परीक्षाओं के दौरान परीक्षा केंद्रों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात व्यवस्था सुचारु रखने तथा परीक्षार्थियों को सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया गया।