संजय टाइगर रिजर्व क्षेत्र के ग्रामीणों की सुरक्षा व पुनर्वास की मांग,को लेकर मानवाधिकार संगठन ने कलेक्टर को लिखा पत्र

सीधी। मानवाधिकार संरक्षण संगठन (एच.आर.डी.) के जिला उपाध्यक्ष के.के. चतुर्वेदी ने गुरुवार को कलेक्टर सीधी को ज्ञापन सौंपकर संजय टाइगर रिजर्व क्षेत्र में निवासरत ग्रामवासियों के विस्थापन एवं सुरक्षा संबंधी समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित किया है।
ज्ञापन में बताया गया है कि टाइगर रिजर्व क्षेत्र में जंगली जानवरों की बढ़ती गतिविधियों के कारण ग्रामीण भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन यापन कर रहे हैं। आए दिन वन्य जीवों की आवाजाही से ग्रामीणों के जनजीवन पर खतरा मंडरा रहा है, जिससे जीवन एवं संपत्ति की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
संगठन ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 14 (समानता का अधिकार) एवं अनुच्छेद 21 (जीवन एवं व्यक्तिगत स्वतंत्रता का अधिकार) का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जीने का अधिकार है। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि कुछ ग्रामीणों को मुआवजा देकर विस्थापित किया गया है, लेकिन शेष प्रभावित परिवारों को न तो उचित मुआवजा मिला है और न ही उनका समुचित पुनर्वास किया गया है।
मानवाधिकार संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित ग्रामवासियों की स्थिति का तत्काल सर्वेक्षण कराया जाए, पात्र परिवारों को समान रूप से उचित मुआवजा प्रदान किया जाए तथा सभी प्रभावितों का सुरक्षित स्थान पर विधिवत पुनर्वास सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पुनर्वास प्रक्रिया पूर्ण होने तक ग्रामीणों की सुरक्षा के ठोस इंतजाम किए जाने की मांग भी की गई है।
संगठन ने जिला प्रशासन से मामले में संवेदनशीलता के साथ शीघ्र न्यायोचित कार्रवाई करने की अपेक्षा व्यक्त की है।