ग्राम पंचायत रूसा में कृषि धन-धान्य योजना अंतर्गत कृषकों को दी गई उन्नत तकनीकों की जानकारी

0 474

रिपोर्टर सोहन श्याम बजाग डिंडौरी

करंजिया-डिंडौरी-कृषि धन-धान्य योजनान्तर्गत ग्राम पंचायत रूसा में आयोजित कार्यक्रम में कृषि विस्तार अधिकारी श्री अजय भार्गव के मार्गदर्शन में कृषकों को नरवाई प्रबंधन एवं उन्नत कृषि तकनीकों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में बताया गया कि सुपरसीडर, हैप्पी सीडर एवं स्मार्ट सीडर मशीनों के माध्यम से बोनी करने पर समय की बचत होती है तथा फसल उत्पादन में वृद्धि होती है। इन आधुनिक कृषि यंत्रों से पराली प्रबंधन भी प्रभावी रूप से किया जा सकता है, जिससे पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान मिलता है।
कृषकों को जानकारी दी गई कि फार्मर आईडी के माध्यम से ई-टोकन प्रणाली द्वारा रासायनिक खाद का उठाव करें तथा संतुलित उर्वरक का उपयोग सुनिश्चित करें। साथ ही जैविक खाद के प्रयोग को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में बीजोपचार कर बोनी करने की सलाह दी गई, जिससे फसल स्वस्थ रहती है एवं रोगों से सुरक्षा मिलती है। मिट्टी परीक्षण के लाभ बताते हुए कहा गया कि परीक्षण के आधार पर उर्वरकों का संतुलित उपयोग करने से उत्पादन लागत कम होती है तथा उपज में वृद्धि होती है।
इसके अतिरिक्त ग्रीष्मकालीन गहरी जुताई के लाभों के बारे में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि इससे भूमि की उर्वरता बढ़ती है, कीट एवं रोगों का नियंत्रण होता है तथा आगामी फसल के लिए भूमि बेहतर तरीके से तैयार होती है। अंत में विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए कृषकों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की गई। चौपाल में विकासखण्ड स्तर के अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्राम के सरपंच,सचिव एवं जनप्रतिनिधि सहित ग्रामवासी उपस्थित रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment