नाराज होकर नागपुर गई नाबालिग किशोरी को जमोड़ी पुलिस ने सकुशल किया बरामद, परिजनों को सौंपा

0 305

सीधी | 11 फरवरी 2026

सीधी “थाना जमोड़ी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घर से नाराज होकर नागपुर (महाराष्ट्र) चली गई नाबालिग किशोरी को सुरक्षित दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना जमोड़ी क्षेत्र अंतर्गत एक परिवार ने अपनी नाबालिग पुत्री के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। परिजनों द्वारा लगातार तलाश के बावजूद किशोरी का कोई सुराग नहीं मिल पाया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल प्रकरण दर्ज कर जांच प्रारंभ की।

थाना प्रभारी उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के निर्देशन एवं उप निरीक्षक वर्षा यादव के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों एवं सूचना तंत्र की मदद से किशोरी की लोकेशन नागपुर में ट्रेस की। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए किशोरी से संपर्क स्थापित किया और समझाइश देकर सुरक्षित सीधी वापस लाया।

पूछताछ में किशोरी ने बताया कि माता-पिता की डांट से नाराज होकर वह रोजगार की तलाश में बिना बताए नागपुर चली गई थी। पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद किशोरी को परिजनों के हवाले कर दिया गया।

अपनी पुत्री को सकुशल वापस पाकर परिजनों ने सीधी पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया है।

इस सराहनीय कार्य में थाना प्रभारी उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी, उप निरीक्षक वर्षा यादव, प्रधान आरक्षक गुरु प्रसन्न एवं आरक्षक अभिषेक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment