वार्ड-36 जुवाड़ी बस्ती में बिजली सुधार कार्य शुरू, जयनगर मोड़ पर बनेगा यात्री प्रतीक्षालय

सिंगरौली। नगर पालिक निगम सिंगरौली के वार्ड क्रमांक 36 अंतर्गत जुवाड़ी बस्ती में लंबे समय से चली आ रही बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान की दिशा में अहम कदम उठाया गया है। बस्ती के विभिन्न हिस्सों में जर्जर अवस्था में लटके बिजली तारों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई थी, वहीं बार-बार तार जलने से स्थानीय रहवासी काफी परेशान थे।
स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए बस्ती के आवश्यक स्थलों पर नए बिजली खंभे लगाए जाने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। इस कार्य के पूर्ण होने से न केवल विद्युत आपूर्ति व्यवस्था सुदृढ़ होगी, बल्कि संभावित हादसों से भी लोगों को राहत मिलेगी।
इसी क्रम में जयनगर मोड़ पर आमजन की सुविधा के लिए यात्री प्रतीक्षालय के निर्माण कार्य की भी शुरुआत की गई है। यह प्रतीक्षालय धूप एवं वर्षा के समय यात्रियों और राहगीरों को बैठने व विश्राम की सुविधा उपलब्ध कराएगा।
इस अवसर पर वार्ड पार्षद प्रेम सागर मिश्रा ने बताया कि वार्डवासियों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है तथा आने वाले समय में भी जनहित से जुड़े विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
बिजली सुधार कार्य एवं यात्री प्रतीक्षालय निर्माण शुरू होने पर स्थानीय नागरिकों ने संतोष व्यक्त करते हुए नगर निगम और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार जताया है।