केंद्रीय विद्यालय जमुना कॉलरी में 77 वें गणतंत्र दिवस की रही धूम

जमुना-कोतमा(राकेश शर्मा)केंद्रीय विद्यालय एसईसीएल जमुना कॉलरी में 77वें गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन बड़े ही धूमधाम से मनाया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में प्राचार्य मनोज कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही। इसके साथ ही कार्यक्रम में अन्य विशिष्ट और गणमान्य अतिथि के रूप में अभिभावकों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि मनोज कुमार द्वारा झंडारोहण और राष्ट्रगान से हुई। इसके उपरांत छात्रों और शिक्षकों द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों की प्रस्तुति हुई, जिसमें बालवाटिका के बच्चों द्वारा फिर भी दिल है हिंदुस्तानी थीम आधारित नृत्य ने सबका मन मोह लिया। साथ ही अन्य विद्यार्थियों ने भी विभिन्न कार्यक्रमों जैसे वंदे मातरम् थीम नृत्य, भाषण, कविता गायन और लघु नाटक से सबका मनोरंजन कर राष्ट्रीयता के रंग में रंग दिया। शिक्षक विपुल यादव ने गणतंत्र दिवस पर अपने विचार रखे।
अंत में प्राचार्य ने गणतंत्र दिवस की उपयोगिता, उसकी मर्यादा और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व बोध से परिचित कराते हुए सभी को गणतंत्र दिवस की बधाई दी। उन्होंने बताया कि हम सभी भारतीयों को संविधान प्रदत्त अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का निर्वहन निष्ठापूर्वक करना चाहिए। हमें देश के सेनानियों का सम्मान करते हुए संस्कृति, इतिहास और धरोहरों के प्रति निष्ठावान रहना है। विद्यालय के सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों के सक्रिय योगदान से यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।