मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना: सीधी जिले की 2 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में राशि अंतरित

प्राइड इंडिया न्यूज़ हर सच जो आप जानना चाहें
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने माखननगर (जिला नर्मदापुरम) में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख महिलाओं के बैंक खातों में 1836 करोड़ रुपये की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण सीधी जिले के जिला पंचायत सभागार में किया गया, जहाँ जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में हितग्राही महिलाओं की उपस्थिति रही। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण सरकार का सर्वोच्च संकल्प है और यह योजना सम्मान, सुरक्षा व स्वावलंबन को मजबूत करने का माध्यम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लाड़ली बहना योजना से महिलाओं को नियमित आर्थिक सहयोग मिल रहा है, जिससे वे परिवार की जरूरतों, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण पर बेहतर ध्यान दे पा रही हैं। जब महिलाएं सशक्त होती हैं तो परिवार और समाज दोनों मजबूत होते हैं। सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और रोजगार से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता के साथ लागू कर रही है तथा भविष्य में इस योजना को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के दौरान सीधी जिले की 2 लाख 07 हजार 945 पात्र महिलाओं के खातों में प्रति महिला 1500 रुपये की दर से कुल 30 करोड़ 80 लाख 2 हजार 100 रुपये की राशि अंतरित की गई। इसमें ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ नगरीय निकायों की महिलाओं को भी लाभ मिला। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह ने योजना को महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाली ऐतिहासिक पहल बताया। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में लाड़ली बहना योजना की हितग्राही महिलाएं उपस्थित रहीं।
प्राइड कदम हिंदी समाचार एवं प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी (मध्य प्रदेश)