संकल्प से समाधान: संयुक्त कलेक्टर ने रायबासा शिविर का लिया जायजा, समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश

संवाददाता- निलेश कलसकर जिला ब्युरो चिफ
पांढुरना। कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ के मार्गदर्शन में जारी ‘संकल्प से समाधान’ अभियान के तहत ग्राम पंचायत रायबासा में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। गुरुवार को संयुक्त कलेक्टर सुश्री नेहा सोनी ने शिविर स्थल का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और जनसमस्याओं के निराकरण की स्थिति को देखा।
आम जनता से किया सीधा संवाद
निरीक्षण के दौरान संयुक्त कलेक्टर सुश्री सोनी ने शिविर में पहुंचे ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनसे आवेदनों की स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप हर आवेदन का निराकरण पारदर्शी और समय सीमा के भीतर होना चाहिए, ताकि नागरिकों को सरकारी दफ्तरों के बार-बार चक्कर न काटने पड़ें।
विभागीय काउंटरों की समीक्षा
सुश्री सोनी ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के काउंटरों और पंजीकरण व्यवस्था का सूक्ष्म अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को संवेदनशील होकर कार्य करने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शासनभ की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
मौके पर दिए निर्देश
शिविर में रायबासा के ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और मांगें प्रमुखता से रखीं। इन आवेदनों पर त्वरित कार्यवाही करते हुए संयुक्त कलेक्टर ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।