बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत खजरी मॉल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

0 316

खमोद चंदेल जिला ब्यूरो डिंडोरी

 

डिंडौरी : – बाल विवाह की कुप्रथा को समाप्त करने के उद्देश्य से संचालित 100 दिवसीय इंटेंसिव थीम आधारित “बाल विवाह मुक्त भारत अभियान” के अंतर्गत आज 06 जनवरी 2026, मंगलवार को आयुष्मान आरोग्य मंदिर, उप स्वास्थ्य केंद्र खजरी मॉल, अमरपुर (जिला–डिंडौरी) में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

 

यह कार्यक्रम कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री श्याम सिंह सिंगोर के मार्गदर्शन में वन स्टॉप सेंटर, डिंडौरी द्वारा आयोजित किया गया। उल्लेखनीय है कि यह अभियान 27 नवंबर 2025 से 08 मार्च 2026 तक जिले में संचालित किया जा रहा है।

 

कार्यक्रम के दौरान वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक श्रीमती सविता धार्वे ने उपस्थित बालिकाओं एवं महिलाओं को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराया। उन्होंने बाल विवाह के सामाजिक, स्वास्थ्यगत एवं कानूनी दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए बताया कि बाल विवाह न केवल एक गंभीर सामाजिक बुराई है, बल्कि यह कानूनन दंडनीय अपराध भी है।

 

इस अवसर पर वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से उपलब्ध विभिन्न सहायता सेवाओं की जानकारी प्रदान की गई। महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 एवं वन स्टॉप सेंटर हेल्पलाइन नंबर 7828195167 के संबंध में विस्तार से बताया गया, ताकि आवश्यकता की स्थिति में वे तत्काल सहायता प्राप्त कर सकें।

 

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी बालिकाओं एवं महिलाओं को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जागरूक रहने एवं समाज में इसके उन्मूलन हेतु सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दिलाया गया।

 

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर (BPM) की भी उपस्थिति रही। जिले में बाल विवाह की रोकथाम एवं जनजागरूकता के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सके।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment