ग्रामीण इलाक़ों और मज़दूर तबक़े के लिए विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन

0 205

 

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी, रिपोर्ट : शाहिद खान

 

न्यायोत्सव – विधिक सेवा सप्ताह के चौथे दिन न्याय की रौशनी हर दिल तक पहुँचाने का प्रयास

 

मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के दिशा-निर्देश और प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण प्रयाग लाल दिनकर के मार्गदर्शन में सीधी ज़िला विधिक सेवा प्राधिकरण ने न्यायोत्सव–विधिक सेवा सप्ताह के अंतर्गत ग्रामीण इलाक़ों और श्रमिक समुदायों के लिए एक व्यापक विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया। रामपुर नैकिन तहसील में हुए इस कार्यक्रम का मक़सद था समाज के उस तबक़े तक विधिक सेवाओं और शासन की योजनाओं की पहुँच बनाना, जो अब तक इनके लाभ से महरूम रहा है।

 

शिविर में उपस्थित लोगों को घरेलू हिंसा, महिला उत्पीड़न, साइबर अपराध, बाल श्रम उन्मूलन, नशा मुक्ति और पर्यावरण संरक्षण जैसे अहम विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही मजदूरों के अधिकार, न्यूनतम मज़दूरी, समान वेतन, ई-श्रम कार्ड, और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं पर भी विशेष सत्र हुआ। सचिव डीएलएसए मुकेश कुमार शिवहरे ने बताया कि नालसा हेल्पलाइन 15100 हर नागरिक की आवाज़ सुनने के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने कहा, “न्याय पाने का हक़ सबका बराबर है — कोई भी व्यक्ति आर्थिक या सामाजिक कारणों से न्याय से वंचित नहीं रहेगा।”

 

कार्यक्रम के समापन पर न्यायिक मजिस्ट्रेट अरहम खान ने संविधान द्वारा दिए गए समान अधिकारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विधिक जागरूकता ही समाज में सशक्तिकरण की बुनियाद है। इस मौक़े पर बड़ी संख्या में मज़दूर, ग्रामीणजन और फैक्ट्री कर्मी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को विधिक सहायता से जुड़ी पुस्तिकाएँ और जानकारीपरक पर्चे वितरित किए गए। यह शिविर ग्रामीण समाज में न्याय, समानता और आत्मनिर्भरता की भावना को मज़बूत करने की दिशा में एक असरदार क़दम साबित हुआ।

 

प्राइड कदम हिंदी समाचार एवं प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी (मध्य प्रदेश)

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment