सिंगरौली में झोलाछाप डॉक्टरों पर शिकंजा कसने की मांग तेज, सीधी जिले में शुरू हुई सख्त कार्रवाई

मध्य प्रदेश के सीधी जिले में झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। कलेक्टर के निर्देश पर रणनीति तैयार कर कई स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। वहीं, सिंगरौली जिले में भी अब लोगों की मांग है कि ऐसी ही सख्त कार्रवाई वहां भी की जाए।
पूर्व में सिंगरौली के कलेक्टर रहे चंद्रशेखर शुक्ला के कार्यकाल के दौरान झोलाछाप डॉक्टरों का जाल जिले के कोने-कोने में फैल गया था। बताया जाता है कि उन्होंने अप्रत्यक्ष रूप से इन फर्जी चिकित्सकों को अभयदान दे दिया था। परिणामस्वरूप, आज सिंगरौली के लगभग हर गांव और कस्बे में ये कथित डॉक्टर सक्रिय हैं।
इन झोलाछापों की “काबिलियत” इतनी बढ़ चुकी है कि वे सर्जरी से लेकर ऑर्थोपेडिक, नेत्र रोग, हृदय रोग और गुर्दे के इलाज तक करने का दावा करते हैं। एक व्यक्ति पूरे शरीर के रोगों का इलाज कर देने वाला “जुरासिक डॉक्टर” बन बैठा है। इनकी बढ़ती सक्रियता से न केवल मरीज़ों की जान जोखिम में पड़ रही है, बल्कि कई मौतों के मामले भी सामने आ चुके हैं।
सूत्र बताते हैं कि इन फर्जी डॉक्टरों के संरक्षण में स्थानीय दबंग और दलालों का नेटवर्क काम करता है। जब कोई नागरिक इनके खिलाफ शिकायत करता है, तो ये लोग उल्टा उसी शिकायतकर्ता के खिलाफ झूठा आवेदन दिलवा देते हैं कि उसने पैसे की मांग की थी और पैसे न देने पर खबर चलवा दी। इस तरह शिकायतों को दबाने और मामलों को सेटल करने का खेल लंबे समय से चल रहा है।
अब जिले के लोग नवागत कलेक्टर गौरव बैनेर से यह उम्मीद कर रहे हैं कि वे सीधी जिले की तर्ज पर सख्त कार्रवाई करेंगे। क्योंकि भोपाल, इंदौर और अन्य जिलों में पहले ही बड़े पैमाने पर झोलाछाप डॉक्टरों पर कार्रवाई की जा चुकी है केवल सिंगरौली जिला अभी तक अपवाद बना हुआ है।
जिला ब्यूरो सिंगरौली