ओबी कंपनी मे रोजगार क़ो लेकर किया धरना प्रदर्शन,

बीना /सोनभद्र : बीना पुलिस चौकी क्षेत्र में एनसीएल बीना परियोजना के प्रबंधक कार्यालय पर मंगलवार को विस्थापित ग्रामीणों ने धरना प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन चेन्नई राधा इंजीनियरिंग प्राइवेट कंपनी में रोजगार की मांग को लेकर किया गया।
ग्राम कोहरौलिया के प्रधान प्रतिनिधि चन्दन कुमार के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीण सुबह 11:30 बजे धरने पर बैठ गए। चन्दन कुमार ने बताया कि उनका गांव परियोजना से विस्थापित और प्रभावित है। उन्होंने इससे पहले भी रोजगार की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा था।
प्रधान प्रतिनिधि ने चेतावनी दी थी कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वे 8 जुलाई को धरना प्रदर्शन करेंगे। प्रधान प्रतिनिधि ने कहा कि ग्रामीण धूल और प्रदूषण झेल रहे हैं। उन्होंने मांग की कि नई निविदा प्राप्त ओबी कंपनी में स्थानीय लोगों को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार दिया जाए। इससे उनके बच्चों की शिक्षा और अन्य जरूरतें पूरी हो सकेंगी।
प्रबंधन ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि जल्द ही उनकी समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।