51 लाख की पुलिया में बेशरम की लकड़ियाँ! — देवरा में घटिया निर्माण पर उठे सवाल, अफसर-ठेकेदार की मिलीभगत उजागर,

0 423
“डिंडोरी से जिला ब्यूरो “मनोज कुमार यादव की रिपोर्ट”

डिंडोरी जिला मुख्यालय के समीप ग्राम पंचायत देवरा में 51 लाख की लागत से बन रही पुलिया अब सवालों के घेरे में है। ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग द्वारा कटोरा नाले पर इस पुलिया का निर्माण कराया जा रहा है, लेकिन इस निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य में ठेकेदार और विभागीय उपयंत्री की जुगलबंदी से जमकर मनमानी हो रही है। स्थिति इतनी गंभीर है कि सरिया की जगह बेशरम की लकड़ियाँ तक इस्तेमाल होती देखी गईं। निर्माण स्थल पर न तो शासकीय दिशा-निर्देशों के तहत सूचना पटल लगाया गया है और न ही वाइब्रेटर जैसी जरूरी मशीनों का उपयोग हो रहा है।

स्थानीय सामग्री जैसे मिट्टी और गिट्टी को मानकों को ताक पर रखकर खुलेआम प्रयोग में लाया जा रहा है। जबकि कुछ ही दूरी पर एक डेम पहले से मौजूद है, जिसका ग्रामीणों को कोई लाभ नहीं मिल पाया है, ऐसे में अब इस नए पुलिया की गुणवत्ता पर भी सवाल उठना लाज़मी है।

ग्रामीणों का कहना है कि वे भ्रष्टाचार को लेकर आवाज़ उठाना चाहते हैं, लेकिन प्रशासनिक दबाव के चलते कोई खुलकर सामने नहीं आ रहा है। यह स्पष्ट संकेत देता है कि निर्माण में जिम्मेदारों की मिलीभगत है और शासकीय धन का खुलकर दुरुपयोग किया जा रहा है।

अब देखना यह होगा कि इस खबर के सामने आने के बाद जिला प्रशासन और संबंधित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी क्या संज्ञान लेते हैं। क्या दोषियों पर कार्रवाई होगी या यह मामला भी अन्य भ्रष्ट निर्माणों की तरह फाइलों में ही दब जाएगा?

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment