कुबरी में चोरों का आतंक: बहरी थाना क्षेत्र में एक साल में आधा दर्जन से अधिक चोरी, ग्रामीण भयभीत

0 936

तहसील रिपोर्टर अरविंद द्विवेदी बहरी 

सीधी, मध्यप्रदेश — बहरी थाना अंतर्गत कुबरी गांव में चोरी की घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है, जिससे ग्रामीण दहशत के साए में जीवन यापन कर रहे हैं। ताजा मामला 25-26 मई की रात का है, जब कुबरी फोरलेन स्थित दुकान में अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया और कमलेश शुक्ला पिता बाबूलाल शुक्ला की दुकान से लगभग 25 से 30 हजार रुपये का सामान चोरी कर लिया।

ग्रामीणों का कहना है कि बीते एक वर्ष में गांव में 5 से 7 चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन आज तक किसी भी मामले में चोरों का सुराग नहीं लग सका है। इससे ग्रामीणों में पुलिस प्रशासन को लेकर आक्रोश भी देखने को मिल रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि बहरी थाना पुलिस केवल कागजी कार्रवाई कर पीड़ित को पावती थमा देती है, जबकि असली जांच और कार्रवाई की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले वर्ष कुबरी भागवत कथा के दौरान लाखों रुपये का डीजे सिस्टम भी चोरी हो गया था, लेकिन उसका भी आज तक कोई पता नहीं चल पाया।

लगातार हो रही इन घटनाओं ने ग्रामीणों को भयभीत कर दिया है। उनका कहना है कि यदि समय रहते पुलिस ने सख्त कदम नहीं उठाए, तो स्थिति और भी भयावह हो सकती है। अब लोगों को जिले के वरिष्ठ अधिकारियों से उम्मीद है कि वे संज्ञान लें और उचित कार्रवाई कर चोरों को सलाखों के पीछे पहुंचाएं, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बहाल हो सके और ग्रामीण चैन की नींद सो सकें।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment