सिंगरौली महोत्सव 2025: बघेली खीर से महकेगा उत्सव,आजीविका मिशन समूह की महिलाओं का हुनर होगा खास आकर्षण
सिंगरौली || संवाददाता रोहित शाह
सिंगरौली, 22 मई 2025:
17वें सिंगरौली महोत्सव का आयोजन 24 से 27 मई तक राजमाता चूनकुमारी स्टेडियम, बैढ़न में होने जा रहा है। इस महोत्सव की खास बात होगी जिले की पहचान बन चुकी बघेली खीर, जिसे आजीविका मिशन समूह की महिलाएं परोसेंगी। यह खीर पारंपरिक विधि और स्थानीय सामग्रियों से तैयार की जाएगी, जो स्वाद के साथ मिट्टी की महक भी समेटे होगी।
महोत्सव में खीर के अलावा बघेली व्यंजन जैसे फरा, बरी-बाड़ी, मड़ुआ रोटी और सत्तू परांठा भी परोसे जाएंगे। महिलाओं द्वारा बनाए गए हस्तशिल्प, जैविक उत्पाद, मसाले और ब्यूटी प्रोडक्ट्स की प्रदर्शनी और बिक्री भी की जाएगी।
यह आयोजन जिला प्रशासन और राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की पहल पर हो रहा है, जो महिला सशक्तिकरण और सांस्कृतिक संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय कदम है।