71 वर्षों में भी पद्म पुरस्कार नहीं मिल पाया गरियाबंद जिले को – डाॅ मुन्नालाल देवदास

सन 1954 से लेकर आज तक अर्थात 71 वर्षों की लंबी अवधि में गरियाबंद जिले को पद्म पुरस्कार या देश का सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार का सौभाग्य नहीं मिल पाया है। जबकि छत्तीसगढ़ राज्य के अधिकांश जिले के लोग पद्म पुरस्कार से सम्मानित हो चुके हैं ।
पद्म पुरस्कार अर्थात पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्मश्री देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कारों में से है। यह पुरस्कार हमारे देश में सन 1954 से दिया जा रहा है। इन पुरस्कारों की घोषणा प्रत्येक वर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर की जाती है। यह पुरस्कार कला, साहित्य एवं शिक्षा, खेल, चिकित्सा, समाज सेवा, विज्ञान एवं इंजीनियरी , लोक कार्य, सिविल सेवा, व्यापार एवं उद्योग आदि के क्षेत्र में विशिष्ट और असाधारण उपलब्धियों के लिए महामहिम राष्ट्रपति द्वारा प्रदान किया जाता है।
इस संबंध में हमारे संवाददाता को गरियाबंद जिले के नगर पंचायत कोपरा निवासी बहु आयामी व्यक्तित्व और कृतित्व के धनी राष्ट्रपति, राज्यपाल और वर्ल्ड रिकार्ड से सम्मानित सेवानिवृत्त प्रधान पाठक, साहित्यकार , अंतर्राष्ट्रीय गीतकार ,मानस मंचों के संयोजक संचालक, गरीब एवं दिव्यांग विद्यार्थियों के सहयोग के लिए अग्रणी वरिष्ठ समाजसेवी डाॅ मुन्ना लाल देवदास ने बताया कि सन 1954 से लेकर आज तक गरियाबंद जिले से किसी को भी पद्म पुरस्कार नहीं मिल पाया है। जबकि छत्तीसगढ़ राज्य के अधिकांश जिले के लोगों को यह पद्म पुरस्कार मिल चुका है। इसलिए हम अपने गरियाबंद जिले को पद्म पुरस्कार से गौरवान्वित करने के लिए पहल जरुर करेंगे। क्योंकि गरियाबंद जिले का नाम राजिम कुंभ मेला, त्रिवेणी संगम, हीरे की खान, भूतेश्वर महादेव आदि अनेक प्रसिद्धि के कारण देश विदेश में विख्यात है।
आपको बताना चाहेंगे कि डाॅ देवदास छत्तीसगढ़ की कला संस्कृति ,शिक्षा साहित्य नवाचार , सनातन धर्म, मानस मंचों के माध्यम से जनजागरण और समाजसेवा आदि के क्षेत्र में राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान बना चुके हैं । पद्म पुरस्कार के लिए भारत सरकार ने जिन मापदंडों को निर्धारित किया है डाॅ देवदास की विशिष्ट और असाधारण उपलब्धियां उन सभी मापदंडों में खरे उतरते हैं । वे गरियाबंद जिले को पद्म पुरस्कार दिलाने के सर्वथा हकदार हैं ।
इसके कुछ उदाहरण इस प्रकार है। उन्हें 2007 में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए भारत सरकार द्वारा राष्ट्रपति पुरस्कार मिला। उसके बाद से अभी तक शिक्षा के क्षेत्र में गरियाबंद जिले से किसी भी शिक्षक को राष्ट्रपति पुरस्कार नहीं मिल पाया है। इसी तरह साहित्य के क्षेत्र में डाॅ देवदास की 17 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी। जिसमें उनकी पुस्तक राष्ट्रीय आंदोलन और प्रभात भजन के 75 साल को एवं कोपरा के प्रभात भजन मंडली को वर्ल्ड रिकार्ड मिला है।
नवाचार के क्षेत्र में अंकों और आडी़ खड़ी रेखा खंडों से अक्षर बनाने के मौलिक खोज के लिए अनेक देशों से डाक्टरेट की मानद उपाधि से सम्मानित हुए हैं। उनके नवाचार रायपुर दूरदर्शन केन्द्र से भी प्रसारित हो चुके हैं। आकाशवाणी रायपुर से उनकी चार छत्तीसगढी़ बाल कहानियों का प्रसारण हुआ है।
डाॅ देवदास एक नवीन प्रयोगधर्मी गीतकार हैं उनके लिखे गीतों को अमेरिकन सिंगर वंदना श्रीवास्तव, भारत के तीन पद्मश्री पुरस्कृत फिल्मी सिंगर अनूप जलोटा, अनुराधा पौडवाल ,सुरेश वाडेकर, साधना सरगम, ऐश्वर्या पंडित आदि गाए हैं। जिसे वर्ल्ड फेमस टी सीरीज चैनल मुंबई और सोनोटेक म्यूजिक कंपनी दिल्ली ने रिलीज किया है। यह छत्तीसगढ़ के लिए एक विशिष्ट उपलब्धि है।
इसी प्रकार डाॅ देवदास विश्व प्रसिद्ध कौशल्या माता मंदिर चंदखुरी रायपुर में 2019 से मंदिर समिति के सहयोग से राज्य स्तरीय त्रिदिवसीय ऐतिहासिक पितर मानस महोत्सव का संयोजन और संचालन प्रतिवर्ष करते आ रहे हैं। उनके द्वारा छत्तीसगढ़ की बेटी माता कौशल्या के गौरव गाथा पर आधारित अनेक गीत साहित्य और अखिल भारतीय निःशुल्क काव्य लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। डाॅ देवदास वर्तमान में श्री तुलसी मानस प्रतिष्ठान छत्तीसगढ़ के प्रांतीय उपाध्यक्ष, मम राजीव लोचन जिला मानस संघ गरियाबंद के संस्थापक, राष्ट्रपति राज्यपाल एवार्डी टीचर फोरम छत्तीसगढ़ के प्रांतीय महासचिव, प्रेस मीडिया पत्रकार कल्याण संघ सामाजिक प्रकोष्ठ के राष्टीय कार्यकारी अध्यक्ष, हिन्दी साहित्य भारती गरियाबंद के जिलाध्यक्ष, रत्नाँचल जिला साहित्य एवं जनकल्याण समिति गरियाबंद के संरक्षक पद पर कार्य कर रहे हैं।