पानापुर में विधायक राजू सिंह के पेट्रोल पंप से 2.25 लाख लूटकर भागे बदमाश, तीनों पिस्टल से थे लैस

कुमार भास्कर
*बिहार* : मुजफ्फरपुर जिले में बेखौफ बदमाशों ने रात्रि गश्ती को फिर धता बताते हुए भाजपा विधायक डा. राजू कुमार सिंह के पेट्रोल पंप से शनिवार रात 2.25 लाख रुपये लूट लिए। एनएएच 27 पर पानापुर थाना के पखनाहां स्थित विधायक के सिंह रामेश्वर एचपी पेट्रोल पंप पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया। तीनों पिस्टल से लैस थे।यहां से लूट के बाद बदमाशों ने कांटी थर्मल के सामने पंप पर भी लूट का प्रयास किया। यहां कर्मचारियों की सजगता से लूट नहीं हो सकी। इससे पहले शुक्रवार की रात को रामपुर हरि थाना क्षेत्र के धर्मपुर में भी तीन हथियारबंद बदमाशों ने 1.32 लाख रुपये लूट लिए थे। इस दौरान बदमाशों ने चार राउंड फायरिंग भी की।सिंह रामेश्वर एचपी पेट्रोल पंप के मैनैजर विटटू कुमार ने बताया कि बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर नोजल मैन समेत सभी पंपकर्मियों को केबिन में बंद कर दिया। इसके बाद पेट्रोल पंप के कैश काउंटर व नोजल मैन के पास से नकदी छीन ली।लूट के बाद बदमाश कांटी की तरफ भाग निकले। इस दौरान सीसी कैमरे का डीवीआर बाक्स भी बदमाश नोचकर ले गए। सभी बदमाश चेहरा ढंके थे। डीएसपी पूर्वी ने भी पहुंचकर कर्मियों से घटना की जानकारी ली। पुलिस बदमाशों का पता लगा रही है।