Breaking News

अभ्यर्थी, निर्वाचन एजेंट तथा गणना एजेंट को दिया गया मतगणना का प्रशिक्षण

0 2,774

 

मतगणना हाल में मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं होगी

सीधी 21 मई 2024
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वरोचिष सोमवंशी के निर्देशन में संसदीय निर्वाचन क्षेत्र 11-सीधी के अभ्यर्थियों, निर्वाचन एजेंटों तथा गणना एजेंट को मतगणना का प्रशिक्षण दिया गया। सर्वप्रथम कलेक्टर ने राजनैतिक दलों एवं अभ्यर्थियों को शांतिपूर्ण मतदान सम्पन्न कराने पर धन्यवाद ज्ञापित किया। कलेक्टर ने कहा कि शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष निर्वाचन में राजनैतिक दलों एवं अभ्यर्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। जिले में 19 अप्रैल को मतदान शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ, यह सभी के सहयोग से ही संभव हुआ है। मतगणना का कार्य भी सभी के सहयोग से शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न होगा। बैठक में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश शाही, सहायक रिटर्निंग ऑफिसर शैलेश द्विवेदी, प्रिया पाठक, आर पी त्रिपाठी सहित संबंधित अधिकारी, अभ्यर्थी, निर्वाचन एजेंट तथा गणना एजेंट उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने बताया कि मतगणना का कार्य 4 जून को प्रातः 8 बजे से शासकीय संजय गांधी स्मृति स्नातकोत्तर महाविद्यालय के पुराने भवन में किया जाएगा। गणना एजेंटों को सुबह 7 बजे तक अपने निर्धारित स्थान में उपस्थित होना होगा। मतगणना दिनांक से तीन दिन पूर्व शाम 5 बजे प्रारूप 18 में गणना एजेण्ट की नियुक्ति दो प्रतियों एवं दो फोटो के साथ अभ्यर्थी या निर्वाचन अभिकर्ता के हस्ताक्षर से प्रस्तुत करना होगा। इस पहचान पत्र को गणना एजेण्ट को धारण करना होगा। इस पहचान पत्र के साथ संबंधित एजेण्ट को अपना एक अन्य पहचान पत्र भी साथ लाना होगा। मतगणना हाल में मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं है। प्रवेश के पश्चात एजेण्ट को आवंटित टेबल क्रमांक के सामने जाकर बैठना होगा।

मंत्री गणना एजेण्ट नहीं हो सकते

कलेक्टर ने बताया कि केन्द्र तथा राज्य सरकार के आसीन मंत्री, संसद सदस्य, विधानसभा के सदस्य, नगर निगम के महापौर, नगर पालिका, नगर पंचायत के अध्यक्ष, पंचायत संघ के अध्यक्ष, केन्द्र तथा राज्य उपक्रमों के अध्यक्ष और सदस्य, किसी भी प्रकार से सरकार से अनुदान प्राप्त संस्था के व्यक्ति, शासकीय अनुदान प्राप्त संस्था में कार्य करने वाले पैरामेडिकल, डीलर्स, आंगनवाड़ी कर्मचारी तथा शासकीय सेवारत व्यक्ति गणना एजेण्ट नहीं बन सकते। उन्होंने बताया कि सर्वप्रथम ईटीपीबी तथा डाकमत पत्रों की गणना होगी उसके आधा घंटा पश्चात कन्ट्रोल यूनिट में दर्ज मतों की गणना की जाएगी। प्रत्येक विधानसभा के लिए मतगणना पृथक-पृथक कक्षों में की जाएगी। कलेक्टर ने बताया कि सीयू की मतगणना पूर्ण होने के बाद व्हीव्हीपीएटी पेपर पर्ची की गणना आयोग के निर्देशानुसार रेण्डम चयनित 5 मतदान केन्द्र की व्हीव्हीपीएटी बुलाकर वीसीबी बूथ में की जाएगी।

बैठक में मास्टर ट्रेनर्स डॉ अरविंद कुमार त्रिपाठी, डॉ आरबीएस चैहान तथा डॉ दिलीप सोनी द्वारा आयोग द्वारा मतगणना के संबंध में जारी निर्देशों के विषय में विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया।

समाचार क्रमांक 64-774 फोटो क्रमांक
————–

सफलता की कहानी

कम संसाधनों से अच्छा कर दिखाया ग्रामीण क्षेत्र के शासकीय विद्यालय नकझर कला ने

सीधी 21 मई 2024
सीधी जिले के सुदूर पूर्व सिहावल ब्लाक में सोन नदी के पास स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नकझरकला पूर्णतः ग्रामीण परिवेश का विद्यालय है। इस स्कूल में कक्षा 1 से 12वीं तक के विद्यार्थी अध्ययन करते हैं। विद्यालय माध्यमिक शाला भवन में संचालित होती है। स्थानाभाव एवं कई कठिनाईयों के बाद भी सत्र 2023-24 में बोर्ड परीक्षा का परिणाम अच्छा रहा। कक्षा 10वीं में 113 शामिल विद्यार्थियों में से 99 पास हुये जिसमें 62 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में एवं 37 विद्यार्थी द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुये परीक्षा परिणाम 88 प्रतिशत रहा। कक्षा 12वीं में 94 शामिल छात्रों मे से 80 छात्र उत्तीर्ण हुये प्रथम श्रेणी में 68 और द्वितीय श्रेणी में 12 विद्यार्थी पास हुये और परीक्षा परिणाम 85 प्रतिशत रहा।

अच्छे परीक्षा परिणाम के लिये इस विद्यालय में तिमाही एवं छमाही परीक्षा उपरांत कमजोर बच्चों की पहचान कर अच्छे विद्यार्थियों के साथ ग्रुप बना कर अध्यापन कार्य कराया गया। लिखावट सुधार हेतु अभियान चलाया गया और नियमित रूप से गृहकार्य की कापी का मूल्यांकन कराया गया तथा गलती को गोलाकर या रेखांकित कर सुधार के प्रयास किये गये।

विद्यार्थियों में स्वस्थ्य प्रतिस्पर्धा जागृत की गई जैसे सुपर 100, मेधावी विद्यार्थी योजना, लैपटाप योजना, स्कूटी योजना के बारे में समय-समय पर विद्यार्थियों को अवगत कराया जाता रहा। विद्यार्थी एक दूसरे से आगे निकलने की चाहत में अध्ययन से जुड़े रहे। इतना ही नहीं विद्यार्थियों का मासिक टेस्ट लेकर रैंक दिया गया जिससे विद्यार्थियों में पढ़ने की रूचि बढ़ी।

नियमित प्रायोगिक कार्य, सांस्कृतिक कार्यक्रम, बालसभा आदि के कारण उपस्थित में वृद्धि हुई। इसके अतिरिक्त अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों को शिक्षकों में बाट दिया गया जिससे शिक्षक बच्चों से और उनके अभिभावकों से दूरभाष के माध्यम से निरंतर सम्पर्क में रहे जिससे उपस्थिति बढ़ी और उपस्थिति बढ़ने के कारण परीक्षा परिणाम संतोषप्रद रहा। प्राचार्य का कहना है कि यह सफलता वरिष्ठ अधिकारियों के नियमित मोटीवेशन, शिक्षकों के अथक प्रयास, अभिभावकों के सहयोग के कारण प्राप्त हुई है। अगले वर्ष शतप्रतिशत परीक्षा परिणाम का लक्ष्य है।

समाचार क्रमांक 65-775 फोटो क्रमांक
————–

स्ट्रांग रूम परिसर की सतत निगरानी के लिए संशोधित आदेश जारी

सीधी 21 मई 2024
अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने संशोधित आदेश जारी कर बताया है कि राजपत्रित अधिकारी के नाम में आंशिक संशोधन करते हुए स्ट्रांग रूम परिसर की सतत निगरानी के लिए कार्यपालिक दण्डाधिकारी के रूप में ड्यूटी लगाई गई है।

जारी आदेशानुसार दिनांक 20.05.2024 से 24.05.2024 तक समय दोपहर 2 बजे से रात्रि 10 बजे तक चन्द्रप्रकाश त्रिवेदी तहसीलदार सिहावल के स्थान पर तीरथ प्रसाद अक्षरिया प्रभारी नायब तहसीलदार गोपद बनास की ड्यूटी लगाई है। इसी प्रकार दिनांक 30.05.2024 से 03.06.2024 तक समय दोपहर 2 बजे से रात्रि 10 बजे तक तीरथ प्रसाद अक्षरिया प्रभारी नायब तहसीलदार गोपद बनास के स्थान पर चन्द्रप्रकाश त्रिवेदी तहसीलदार सिहावल की ड्यूटी लगाई है।

शेष अवधि के अधिकारियों में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। पूर्व में जारी अधिकारियों का आदेश यथावत रहेगा।

समाचार क्रमांक 66-776
————–

पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन के बाद ही किसानों को खाद-बीज व उपकरणों पर मिलेगी सब्सिडी

सीधी 21 मई 2024
सीधी जिले के किसानों के यहां वर्ष 2024-25 में विभागीय समस्त कृषि योजनाओं का लाभ लेने के लिए अब शासन द्वारा एमपी किसान पोर्टल पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाना अनिवार्य कर दिया गया है। अब किसानों को खाद-बीज, सिंचाई, कृषि उपकरणों में सब्सिडी जैसी अनेक लाभकारी योजनाओं में फायदा रजिस्ट्रेशन करवाने के बाद ही मिल सकेगा। इस नए आदेश के बाद जिले के ज्यादा किसानों को इससे फायदा मिलेगा। एम.पी. किसान पोर्टल पर ऑनलाईन पंजीयन नहीं करवाने वाले किसानों को कृषि विभाग की किसी भी योजना का लाभ नहीं मिलेगा। इस संबंध में किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के उप संचालक कृषि ने बताया कि पंजीयन के लिए वेब ब्राउजर पर kisan.mp.gov.in वेबसाइट के माध्यम से स्वयं अथवा नजदीकी एमपी ऑनलाइन पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। कृषि विभाग के ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीयन के बाद ही कृषि विभाग की तमाम योजनाओं का लाभ मिल साकेगा।

रजिस्ट्रेशन के लिये किसान पोर्टल पर जाने के लिए दिए गए यू.आर.एल. kisan.mp.gov.in वेबसाइट वेब ब्राउजर पर अंकित करें। फिर कृषि योजना में पंजीयन के लिए क्लिक करें। कृषि योजना पर पंजीयन करें लिंक पर क्लिक करने के बाद नया टैब में पेज ओपन हो जाएगा। इसके बाद इसमें पंजीयन के लिए जरूरी दस्तावेजो की जानकारी मिलेगी। कृषक का आधार कार्ड, कृषक की भूमि से संबंधित जानकारी, कृषक की समग्र आई.डी., जाति प्रमाण-पत्र आदि दस्तावेज अपलोड करने होंगे।

समाचार क्रमांक 67-777
————–

’’किसान भाई गर्मी में गहरी जुताई कराये, उत्पादन बढ़ायें’’- उप संचालक कृषि

सीधी 21 मई 2024
जिले के किसान भाई खाली खेतों की ग्रीष्म कालीन गहरी जुताई मिट्टी पलटने वाले हल से 9 से 12 इंच तक गहरी जुताई अवश्य करायें। उप संचालक कृषि द्वारा गहरी जुताई के संबंध में जानकारी देते हुये बताया गया कि खेतों की गहरी जुताई कराने से खरपतवार के बीज, कीड़ों के अण्डे एवं लार्वा आदि नष्ट हो जाते हैं। इसके अलावा मृदा के भौतिक गुणों जैसे-मृदा में बातायन, पानी सोखने एवं जल धारण क्षमता, मृदा भुरभुरापन व भूमि संरचना में सुधार होता है तथा खरपतवार नियंत्रण एवं कीड़े मकोड़े तथा बीमारियों से नियंत्रण में सहायता प्राप्त होती है। साथ ही गहरी जुताई से उर्वरक प्रबंधन एवं जीवान्श पदार्थ के विघटन में काफी लाभ होता है, जिससे उत्पादन में वृद्धि होती है।

समाचार क्रमांक 68-778
————–

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment