लात-घूसों से मारपीट करने वाले आरोपीगण को हुआ 1 वर्ष का सश्रम कारावास

0 1,133

इंदौर :- जिला लोक अभियोजन अधिकारी श्री संजीव श्रीवास्तव ने बताया कि दिनांक 08.06.2023 को माननीय न्यायालय जयश्री आर्ययान मेहरा न्यायाधीश महोदय, इंदौर, जिला इंदौर ने थाना एम.जी. रोड के अपराध क्रमांक 52/2011 में निर्णय पारित करते हुए आरोपीगण 01, मुन्नवर अंसारी, 02. मुसफिक असारी, 03. इरशाद अंसारी, 04. शहजाद अंसारी, 05. नौशाद अंसारी, 06. रसीद, निवासी इंदौर को धारा 452 भा.दं.सं. में प्रत्येक आरोपीगण को 1 वर्ष का सश्रम कारावास व धारा 147, 323/149 (पांच शीर्ष), 427/149 भा.दं.सं. के आरोप में दोषसिद्ध पाते हुए प्रत्येक आरोपीगण को छह माह का सश्रम कारावास व कुल 2000/- रुपये अर्थदण्ड से दण्डित किया गया। प्रकरण में अभियोजन की ओर से पैरवी सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी श्रीमती दीपा यादव द्वारा की गई।
घटना का संक्षिप्त विवरण यह है कि फरियादी मोहम्मद साहिद खान पिता अब्दुल रहीम खान, निवासी-4/1, नयापुरा, उर्दू स्कूल के पास इन्दौर ने थाना एम.जी. रोड, इन्दौर पर यह रिपोर्ट लेख करायी कि वह पुरानी मशीनरी का काम करता है। दिनांक 05.02.11 शनिवार को नगर निगम के कर्मचारी उसकी दुकान का अतिक्रमण हटाने का कहकर गये थे। दिनांक 08.02.11 को लगभग 11:00 बजे उसकी दुकान का अतिक्रमण हटा या नहीं, देखने आये थे, नगर निगम के कर्मचारी देखकर वहां से निकल गये, तब लगभग 11:30 बजे का समय रहा होगा, उसके मकान के पीछे रहने वाले 01, मुन्नवर अंसारी, 02. मुसफिक असारी, 03. इरशाद अंसारी, 04. शहजाद अंसारी, 05. नौशाद अंसारी, 06. रसीद अपने अन्य 10-15 साथी को लेकर एकमत होकर गाली गुप्ता कर हाथ में लठ्ठ, सब्बल, घन आदि लेकर उसके मकान में घुस गये। उसके घर में उसकी मां हुसैन बी, उसकी पत्नि शेरबानो, उसकी लड़की मेहरूनिशा, उसकी बहू सायरा बी के साथ मारपीट की, कपड़े फाड़ दिये, उसके घर का सामान टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन, अलमारी आदि सामान को तोड़फोड़ कर मकान के बाहर फेंक दिया। उसके मकान की पिछली दीवारें फोड़ दी, आगे के दरवाजे तोड़ दिये, मकान का दरवाजा भी तोड़ दिया और दुकान का गल्ला भी फेंक दिया। घर का सब सामान अस्त-व्यस्त कर दिया व नुकसान कर दिया। वह हल्ला सुनकर अपने घर पहुंचा तो उसकी दाड़ी के बाल मुन्नवर अंसारी ने उखाड़ लिये, इरशाद ने उसे झापड़ मारे, नौशाद व शहजाद ने लाल-घुसों से मारपीट की। उसके लड़के अब्दुल खालिद की दाड़ी इनके साथ जो 10-15 अन्य लोगों ने खींची थी, मारपीट की आवाज सुनकर सलाउद्दीन, एहमद फरीद आदि आ गये थे, जिन्होंने उनका बीच बचाव किया। जब ये मारपीट कर जाने लगे, तब मुन्नवर व उसके भाईयों ने उसे कहा कि आज तो सालों को बचा लिया है, यह मकान मुझे बेचा नहीं तो मैं तुम्हें व तुम्हारे परिवार को जान से खत्म कर दूंगा। फरियादी की रिपोर्ट पर से थाना एम. जी. रोड़, इन्दौर पर अपराध क्रमांक 52/2011, धारा 147, 148, 149, 323, 294, 506, 452, 427 भा0द0सं0 का अपराध पंजीबद्ध किया गया एवं सम्पूर्ण विवेचना उपरांत अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जिस पर से अभियुक्त को उक्त दण्ड से दण्डित किया।
पैरवीकर्ता जिला लोक अभियोजन अधिकारी,
जिला इंदौर (म.प्र.)

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment