युद्धाभ्यास में गया सेना का जवान कोरोना संक्रमित, केंद्रीय मंत्री ने सावधानी बरतने की दी सलाह

जोधपुर । सेना के जैसलमेर में चल रहे युद्धाभ्यास में हिस्सा ले रहा जोधपुर के एक जवान कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इस जवान का सेना के अस्पताल में इलाज जारी है। मिली जानकारी के मुताबिक यह सैनिक जोधपुर से युद्धाभ्यास के लिए जैसलमेर गया था, जहां उसे कोरोना हो गया है। जैसलमेर में दिये सैंपल के दौरान वो कोरोना पॉजिटिव पाया गया। फिलहाल वो सेना के अस्पताल में भर्ती है। जैसलमेर में अगस्त 2021 के बाद पहली बार नवंबर महीने में एक-पति पत्नी जोधपुर में कोरोना संक्रमित पाए गए थे। हालांकि उनकी रिपोर्ट अब नेगेटिव आ गई है और वे सही होकर जैसलमेर लौट आए है। उनके बाद सेना के दो और जवान, कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे, जिनका इलाज सेना के अस्पताल में जारी है। अब एक और सेना के जवान के कोरोना संक्रमित होने की जानकारी सामने आई है।
कोविड प्रोटोकॉल्स करें पालन : शेखावत
केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कोरोना के बढ़ते केसों के बीच सजग और सावधान रहने का आह्वान किया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हम सभी कोविड प्रोटोकॉल्स की पालना करें और अनावश्यक भीड़-भाड़ में जाने से बचें। केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि कोविड के नए म्यूटेंट को लेकर चिंता बनी है। साउथ अफ्रीका से निकलकर यह म्यूटेंट कई देशों में पहुंचा है। हालांकि, भारत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी के नेतृत्व में हम देश की बहुत बड़ी जनसंख्या को वैक्सीन लगा चुके हैं। अब तक 121 करोड़ से अधिक डोज लग चुकी है, फिर भी हमें सजग और सावधान रहने की आवश्यकता है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हम सभी सेफ्टी गार्ड्स का उपयोग करें, ताकि नए आने वाले खतरे से भी देश को बचाया जा सके।