ओवरटेक के दौरान बस-ट्रक में जोरदार भिड़ंत, डिवाइडर से टकराई बस

सीधी के बहरी थाना क्षेत्र के रजडिहा गांव में हुआ हादसा, पांच यात्री घायल; बस में सवार थे 58 यात्री, बड़ा हादसा टला
प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी।
सीधी जिले के बहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत रजडिहा गांव में मंगलवार सुबह करीब 10 बजे एक यात्री बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से जा भिड़ी। हादसे में बस सवार पांच यात्री घायल हो गए। राहत की बात यह रही कि बस पलटी नहीं और कोई गंभीर जनहानि नहीं हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस सतना से सिंगरौली की ओर जा रही थी। बस में कुल 58 यात्री सवार थे। रजडिहा गांव के पास ओवरटेक करने के दौरान बस और ट्रक की आपस में टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया।
पांच यात्री हुए घायल
इस दुर्घटना में तीन यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जबकि सुखेंद्र पनिका और मीना रावत के सिर, हाथ-पैर में चोट लगने की जानकारी सामने आई है। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा
स्थानीय निवासी नीरज नामदेव के मुताबिक, ओवरटेक करते समय बस और ट्रक अगल-बगल से टकरा गए। इसके बाद बस डिवाइडर से जा भिड़ी। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। हादसे के बाद बस और ट्रक मौके पर ही खड़े रहे।
पुलिस ने शुरू की जांच
बहरी थाना प्रभारी राजेश पांडे ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई है। मामूली रूप से घायल यात्रियों को अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है।
58 यात्रियों से भरी बस हादसे का शिकार होने के बावजूद पलटने से बच गई। समय रहते स्थिति संभलने से एक बड़ा हादसा टल गया।