शराब पीने के लिए मांगे एक हजार रुपये, इनकार करने पर चाकू और बेसबॉल के डंडे से किया हमला; तीन आरोपियों को दो-दो साल का सश्रम कारावास

0 538

जबलपुर। शराब पीने के लिए एक हजार रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर एक व्यक्ति के साथ गाली-गलौज और मारपीट कर चाकू एवं बेसबॉल के डंडे से हमला करने वाले तीन आरोपियों को न्यायालय ने दोषी करार दिया है। न्यायालय ने तीनों आरोपियों को अलग-अलग धाराओं में दो-दो वर्ष के सश्रम कारावास तथा 500-500 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है।

दुकान बंद कर बेटी के साथ घर जा रहे थे फरियादी

अभियोजन के अनुसार, घटना 23 अगस्त 2015 की रात करीब 10 बजे की है। फरियादी मोहनलाल श्रीवास्तव अपनी दुकान बंद कर अपनी पुत्री के साथ साइकिल से घर जा रहे थे। इसी दौरान खेरमाई मंदिर के पास आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए शराब पीने के लिए एक हजार रुपये की मांग की। रुपये देने से इनकार करने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी तथा चाकू और बेसबॉल के डंडे से हमला कर उन्हें घायल कर दिया।

शोर सुनकर फरियादी के भाई एवं अन्य लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए।

रांझी पुलिस ने दर्ज किया था मामला

घटना की शिकायत पर थाना रांझी पुलिस ने अपराध क्रमांक 616/2015 के तहत विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की थी। पुलिस ने जांच पूरी करने के बाद अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष द्वारा प्रस्तुत साक्ष्यों एवं तर्कों पर विचार करने के बाद न्यायालय ने तीनों आरोपियों को दोषी पाया।

प्रभावी पैरवी के बाद न्यायालय ने सुनाई सजा

उप निदेशक अभियोजन श्री के.एस. मुवेल एवं सहायक निदेशक अभियोजन श्री संदीप जैन के मार्गदर्शन में सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी श्री सिंचन कंसाना ने शासन की ओर से प्रभावी पैरवी की।

अभियोजन के तर्कों से सहमत होते हुए न्यायालय ने तीनों आरोपियों को भारतीय दंड संहिता की धारा 148, 341/149, 324/149 एवं 327/149 के तहत दो-दो वर्ष के सश्रम कारावास और 500-500 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया।

जारीकर्ता: भगवत उईके
मीडिया सेल प्रभारी एवं सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी, जिला जबलपुर (मध्यप्रदेश)।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment