शहपुरा मॉडल स्कूल के प्रभारी प्राचार्य बदले, हम्मीर सिंह राजपूत को सौंपी प्रशासनिक और वित्तीय जिम्मेदारी

0 30

 

प्रभारी प्राचार्य वेदप्रकाश साहू की लगातार शिकायतों और वित्तीय जांच के मद्देनजर जिला शिक्षा अधिकारी ने जारी किया आदेश, तत्काल प्रभाव से लागू हुआ निर्णय

 

डिंडौरी, 27 अक्टूबर। जिले के शहपुरा स्थित शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी डिंडौरी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, विद्यालय में पदस्थ वरिष्ठ शिक्षक हम्मीर सिंह राजपूत को आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से प्रभारी प्राचार्य के साथ प्रशासनिक एवं वित्तीय कार्यों का दायित्व सौंपा गया है। यह निर्णय वर्तमान प्रभारी प्राचार्य वेदप्रकाश साहू के खिलाफ लगातार मिल रही शिकायतों और विद्यालय से संबंधित वित्तीय जांच के मद्देनजर लिया गया है।

 

जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से 27 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश में उल्लेख किया गया है कि शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शहपुरा के प्रभारी प्राचार्य वेदप्रकाश साहू के संबंध में लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। इसके साथ ही विद्यालय में वित्तीय जांच भी प्रचलित है। इन परिस्थितियों को देखते हुए विद्यालय में प्रशासनिक एवं वित्तीय कार्यों के सुचारु संचालन के लिए वरिष्ठ शिक्षक हम्मीर सिंह राजपूत को अस्थायी रूप से जिम्मेदारी सौंपी गई है।

 

तत्काल प्रभाव से लागू हुआ आदेश

 

जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश तत्काल प्रभावशील किया गया है। आदेश के तहत हम्मीर सिंह राजपूत आगामी आदेश तक प्रशासनिक एवं वित्तीय कार्यों का दायित्व संभालेंगे। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए आदेश की प्रतिलिपि भेजी गई है।

 

वेदप्रकाश साहू को अभिलेख सौंपने के निर्देश

 

आदेश में पूर्व प्रभारी प्राचार्य वेदप्रकाश साहू को निर्देशित किया गया है कि वे विद्यालय से संबंधित समस्त अभिलेख तत्काल हम्मीर सिंह राजपूत को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि विद्यालय के प्रशासनिक और वित्तीय कार्यों का संचालन व्यवस्थित रूप से किया जा सके।

 

जांच समिति को भी भेजी गई प्रतिलिपि

 

जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी आदेश की प्रतिलिपि लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल के आयुक्त, डिंडौरी कलेक्टर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जबलपुर संभाग के संयुक्त संचालक लोक शिक्षण, विकासखंड शिक्षा अधिकारी शहपुरा सहित संबंधित अधिकारियों को भेजी गई है। इसके अलावा 6 अक्टूबर 2026 को गठित जांच समिति को भी आदेश की प्रति सूचनार्थ प्रेषित की गई है।

 

विद्यालय में प्रशासनिक एवं वित्तीय जिम्मेदारी में किए गए इस बदलाव को शिकायतों और प्रचलित वित्तीय जांच के संदर्भ में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब आगामी आदेश तक विद्यालय के प्रशासनिक एवं वित्तीय कार्यों की जिम्मेदारी हम्मीर सिंह राजपूत संभालेंगे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment