रैपुरा में विधायक कप प्रो कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य समापन, डुंडीसरई की टीम ने जीता खिताब

(जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव)
विधायक ओमप्रकाश धुर्वे की अध्यक्षता में हुआ समापन समारोह, विजेता टीम को 11 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी देकर किया सम्मानित
रैपुरा, डिंडौरी। ग्राम रैपुरा में भारतीय जनता पार्टी मंडल मानिकपुर के तत्वावधान में आयोजित विधायक कप प्रो कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य समापन शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक ओमप्रकाश धुर्वे की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में क्षेत्र की विभिन्न टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और खिलाड़ियों ने अपने दमखम, कौशल एवं खेल भावना का प्रदर्शन किया। समापन समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेता एवं उपविजेता टीमों को विधायक ओमप्रकाश धुर्वे के सौजन्य से नकद पुरस्कार एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में डुंडीसरई की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को 11 हजार रुपये नकद एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। वहीं, विदयपुर की टीम ने दूसरा स्थान हासिल किया, जिसे 6 हजार रुपये नकद एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा तीसरा स्थान प्राप्त करने वाली लखनपुरा की टीम को 5 हजार रुपये नकद एवं ट्रॉफी प्रदान की गई।
इस आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना तथा युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ाना रहा। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। समापन समारोह में उपस्थित अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को शारीरिक विकास, अनुशासन और आपसी सौहार्द का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष संतोष साहू, जिला महामंत्री बद्री प्रसाद साहू, मंडल अध्यक्ष हीरेंद्र सिंह, रैपुरा सरपंच भारत सिंह मरावी, अमेरा सरपंच संतोष धूमकेती, देवगांव सरपंच मनोज मार्को, भीकम सिंह, भाजपा के वरिष्ठ नेता उत्तम चंद असाटी, जितेंद्र तिवारी, राधेश्याम साहू, सी.एस. मरकाम, मंडल महामंत्री राजेंद्र तिवारी, हरीश जित्तू राय, संतोषी विश्वकर्मा, फूलचंद झारिया, धर्मेंद्र झारिया, विश्वनाथ झारिया, मोहन झारिया, रविंद्र झारिया, सम्मरू सिंह, रम्मू सिंह, सांसद प्रतिनिधि राहुल रैकवार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रतियोगिता में कमेंटेटर पारस यादव एवं पंकज भवेदी ने अपनी भूमिका निभाई, जबकि रेफरी कैलाश रजक और परवेश खान ने मुकाबलों का संचालन किया। आयोजन के सफल समापन पर खेल प्रेमियों एवं ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला।