विनय अग्रवाल ने रचा नया इतिहास, 101 जोड़ों का कराया सामूहिक विवाह

ना हिंदू न मुसलमान बहन बेटी एक समान, अग्रवाल
बुद्ध दस्तक मुबारक अली संवाददाता
शाहजहांपुर। शहर में 25 अक्टूबर 2026, रविवार का दिन समाजसेवा की एक अनूठी मिसाल के रूप में याद किया जाएगा। परी नमकीन वाले वरिष्ठ समाजसेवी विनय अग्रवाल ने खिरनी बाग रामलीला मैदान में 101 कन्याओं का सामूहिक विवाह कराकर एक बड़ी पहल की। भव्य आयोजन में नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देने के साथ उन्हें गृहस्थी का सामान और उपहार भी भेंट किए गए।
इस सामूहिक विवाह समारोह की खास बात यह रही कि इसमें करीब आठ मुस्लिम युवतियां भी शामिल हुईं। सभी जोड़ों का विवाह उनके अपने-अपने धर्म की रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया गया। कार्यक्रम में भोजन-पानी सहित अन्य व्यवस्थाएं भी की गईं, ताकि नवविवाहित जोड़ों और उनके परिजनों को किसी तरह की परेशानी न हो।
हमारे संवाददाता मुबारक अली से खास बातचीत में
वरिष्ठ समाजसेवी विनय अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने यह आयोजन अपने पिता की जयंती के अवसर पर किया है। इससे पहले वह 11 और फिर 21 कन्याओं का सामूहिक विवाह करा चुके हैं। इस बार 101 कन्याओं का विवाह कराकर उन्होंने अपने सेवा अभियान को और बड़ा रूप दिया।
विनय अग्रवाल की इस पहल को समाजसेवा की दिशा में एक बड़ी मिसाल माना जा रहा है। एक ही आयोजन में 101 कन्याओं का विवाह संपन्न कराने का यह प्रयास जनपद में चर्चा का विषय बना हुआ है। जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह की जिम्मेदारी उठाकर उन्होंने सामाजिक सहयोग और आपसी सद्भाव का संदेश दिया।